औरंगाबाद: रफीगंज में रेल पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई किशोरी, दाहिना हाथ कटा, गया रेफर

Updated:
विज्ञापन

जाखिम रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां रेलवे लाइन पार कर रही 16 वर्षीय किशोरी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई. इस हादसे में उसका दाहिना हाथ कट गया और उसे बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है.

विज्ञापन

Aurangabad News: पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर स्थित जाखिम रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. यहाँ रेलवे लाइन पार करने के दौरान एक 16 वर्षीय किशोरी अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई. इस भीषण हादसे में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका दाहिना हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया. घायल किशोरी की पहचान रफीगंज थाना क्षेत्र के सकिरगंज गांव निवासी अजित यादव की पुत्री गीता कुमारी के रूप में की गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

इलाज कराकर लौट रही थी घर

घटना के संबंध में घायल किशोरी के पिता अजित यादव ने बताया कि वह अपनी पुत्री गीता का कजपा स्थित एक स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराकर वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जाखिम स्टेशन के पूर्वी अप लाइन के समीप स्थित एक स्कूल के पास रेलवे लाइन पार करने के क्रम में यह हादसा हुआ. सामने से अचानक आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में गीता आ गई जिससे वह लहूलुहान होकर पटरी के किनारे गिर पड़ी.

प्राथमिक उपचार के बाद रेफर

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों की सक्रिय मदद से गंभीर रूप से जख्मी किशोरी को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रफीगंज पहुंचाया गया. जहाँ अस्पताल के चिकित्सक डॉ. धनंजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, किशोरी की नाजुक हालत और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गयाजी रेफर कर दिया गया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. इधर हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व ही गीता की मां का भी असमय निधन हो चुका है. इस ताजी घटना के बाद से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन