औरंगाबाद : कुटुंबा के वीर भगत सिंह खेल मैदान का बदलेगा रूप? चहारदीवारी-सौंदर्यीकरण के लिए सरकार को पत्र
औरंगाबाद के कुटुंबा प्रखंड के पिपरा बगाही स्थित वीर भगत सिंह खेल मैदान की चहारदीवारी निर्माण और सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर विधायक ललन राम की अनुशंसा के बाद जिला खेल पदाधिकारी ने बिहार सरकार के संयुक्त सचिव को पत्र भेजा है. पत्र में मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने, चहारदीवारी बनाने, पेयजल, प्रकाश व बैठने की व्यवस्था समेत खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई है.
औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड के दक्षिणी क्षेत्र झारखंड से सटे पिपरा बगाही स्थित वीर भगत सिंह खेल मैदान की चहारदीवारी और सौंदर्यीकरण की मांग अब तेज हो गई है. स्थानीय विधायक की अनुशंसा पर जिला प्रशासन ने भी सरकार को पत्र भेजा है. अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उक्त खेल मैदान की सूरत बदलने वाली है.
विधायक ने मंत्री को लिखा पत्र
इसके लिए स्थानीय विधायक ललन राम ने खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, बिहार सरकार की माननीय मंत्री को पत्र लिखा था. पत्र में उन्होंने उल्लेख किया था कि उनके विधानसभा क्षेत्र में वीर भगत सिंह खेल मैदान है, जहां प्रत्येक वर्ष क्रिकेट, फुटबॉल एवं अन्य खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाता है.
खिलाड़ियों और दर्शकों को परेशानी
विधायक ने पत्र में बताया कि आयोजनों के दौरान हजारों खेल प्रेमी दर्शक के रूप में उपस्थित होते हैं. चहारदीवारी नहीं होने, बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल एवं प्रकाश की सुविधा नहीं होने से खिलाड़ियों और दर्शकों को काफी कठिनाई होती है. साथ ही चहारदीवारी के अभाव में खेल मैदान का अतिक्रमण भी हो रहा है.
खेल पदाधिकारी ने भेजा प्रस्ताव
इसी पत्र के आलोक में कार्यालय उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा के जिला खेल पदाधिकारी ने सरकार के संयुक्त सचिव को पत्र प्रेषित किया है. पत्र में उन्होंने विभाग को अवगत कराया है कि मैदान में विकास कार्य कराया जाना अत्यंत आवश्यक है.
सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
जिला खेल पदाधिकारी ने सरकार को प्रेषित पत्र में बताया है कि वीर भगत सिंह खेल मैदान में चहारदीवारी और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ खेल से संबंधित सभी उचित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना जरूरी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए