औरंगाबाद में जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार अभियान का शुभारंभ, लोगों की लगी भीड़
कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारी डीडीसी की जांच करती स्वास्थ्य कर्मी
बिहार सरकार ने गैर-संचारी रोगों की जांच के लिए चिकित्सा आपके द्वार अभियान शुरू किया है. 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जाएगी.
औरंगाबाद शहर गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, उपचार एवं प्रभावी प्रबंधन के उद्देश्य से बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्यव्यापी ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम से डिजिटल माध्यम से अभियान का राज्यव्यापी शुभारंभ किया. यह अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा. इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें समुदाय एवं घर-घर पहुंचकर 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की गैर-संचारी रोगों से संबंधित स्क्रीनिंग करेंगी. संभावित मरीजों की पहचान होने पर उन्हें आवश्यक परामर्श, उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
आपके शहर में
कई प्रमुख रोगों की होगी स्क्रीनिंग
अभियान के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुख कैंसर, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज एवं क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पलमोनरी डिजीज की स्क्रीनिंग और प्रबंधन पर जोर दिया जाएगा. साथ ही रोगों से जुड़े जोखिम कारकों की पहचान कर उन्हें कम करने के लिए लोगों को स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा.

योजना भवन में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
औरंगाबाद जिला मुख्यालय स्थित योजना भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें बिहार विधान परिषद सदस्य दिलीप कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी लोग अभियान के दौरान अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं. संभावित बीमारी या जोखिम कारक सामने आने पर चिकित्सकीय सलाह लेकर समय पर उपचार शुरू कराएं.
जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो अनवर आलम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें सामुदायिक स्तर पर लोगों तक पहुंचकर जांच करेंगी. बीमारी के संभावित लक्षण या जोखिम कारक मिलने पर संबंधित व्यक्ति को आवश्यक परामर्श, उपचार एवं दवा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी. जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ रवि रंजन ने कहा कि नियमित स्क्रीनिंग से गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सकता है.
असमय मृत्यु और गंभीर जटिलताओं को कम करना लक्ष्य
सिविल सर्जन डॉ कृष्ण कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों के कारण होने वाली असमय मृत्यु एवं गंभीर जटिलताओं को कम करना है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें अधिक से अधिक 30 वर्ष से ऊपर के लोगों तक पहुंचकर स्क्रीनिंग करेंगी. कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन ने विधान परिषद सदस्य दिलीप कुमार सिंह एवं उपस्थित अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. मौके पर अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला संचारी रोग पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए