दाउदनगर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा, 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

Updated:
विज्ञापन

प्रसाद वितरण करती मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी एवं अन्य, प्रसाद ग्रहण करते एसडीओ अमित राजन एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भगवान श्रीकृष्ण की छठी दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आस्था और उल्लास के साथ मनाई गई. सत्संग नगर हनुमान मंदिर और पंचदेव मंदिर सहित विभिन्न स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने भाग लिया.

विज्ञापन

Aurangabad News: जिले के दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भगवान श्रीकृष्ण की छठी आस्था, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाई गई. इस पावन अवसर पर विभिन्न मंदिरों, ठाकुरबाड़ियों और पूजा स्थलों में भगवान श्रीकृष्ण का आकर्षक श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की गई. विधि-विधान से कन्हैया को छप्पन भोग व विशेष नैवेद्य अर्पित करने के बाद महाप्रसाद वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें सुबह से देर शाम तक हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और प्रसाद ग्रहण किया.

विज्ञापन

सत्संग नगर हनुमान मंदिर में 5 हजार से अधिक भक्तों ने लिया प्रसाद

सत्संग नगर स्थित हनुमान मंदिर कमेटी द्वारा भव्य छठी महोत्सव का आयोजन किया गया. मंदिर के प्रथम तल पर स्थित राधा-कृष्ण दरबार में मुख्य पुजारी पंडित देवशरण मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया और बाल गोपाल को भोग लगाया. इसके बाद मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी, वार्ड पार्षद सोनी देवी, रूबी देवी एवं रीमा देवी ने संयुक्त रूप से महाप्रसाद वितरण का शुभारंभ किया.

सत्संग स्थल पर पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद पाया. आयोजन में शिक्षाविद सुरेश कुमार गुप्ता, पूर्व उप मुख्य पार्षद कौशलेंद्र कुमार सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष श्याम पाठक, रालोमो नेता अजय कुशवाहा और चंद्रभूषण वर्मा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए. व्यवस्था को सफल बनाने में कमेटी अध्यक्ष कुमार नरेंद्र देव, पूजा व्यवस्थापक पप्पू गुप्ता, नाथु साव, सन्नी और रोहित ने सक्रिय भूमिका निभाई.

पंचदेव मंदिर में एसडीओ और एसडीपीओ ने कराया प्रसाद वितरण

अनुमंडल कार्यालय परिसर के समीप स्थित ऐतिहासिक पंचदेव मंदिर में भी छठी महोत्सव भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ. मंदिर के पुजारी संजय उपाध्याय ने विशेष पूजन कर भोग अर्पित किया. तत्पश्चात दाउदनगर एसडीओ अमित राजन और एसडीपीओ चंद्रभूषण ने औपचारिक रूप से प्रसाद वितरण की शुरुआत कराई.

इस दौरान मंदिर कमेटी अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, अनुमंडलीय विधिक संघ के अध्यक्ष शशि भूषण सिंह, सचिव रामाशीष सिंह सहित स्थानीय अधिवक्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने व्यवस्था संचालन में सहयोग दिया.

पुराना शहर जोड़ा मंदिर और अन्य स्थलों पर भी रहा उल्लास

पुराना शहर स्थित ऐतिहासिक जोड़ा मंदिर में भी भगवान श्रीकृष्ण की छठी धूमधाम से मनाई गई, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. इस आयोजन में विवेकानंद मिश्र, ब्रजेश पाठक, डॉ. चंचल कुमार, मुनमुन प्रसाद और वार्ड पार्षद दिनेश प्रसाद मुख्य रूप से सक्रिय रहे. यहां मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी, उप मुख्य पार्षद कमला देवी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) ऋषिकेश अवस्थी, भाजपा जिला प्रवक्ता अश्विनी कुमार तिवारी और डॉ. अरविंद कुमार ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया.

इसके अतिरिक्त, रौनियार वैश्य स्थल में अध्यक्ष बलराम प्रसाद के नेतृत्व में छठी पूजन का आयोजन किया गया. पुराना शहर संगत तथा ग्रामीण अंचलों की ठाकुरबाड़ियों में दिनभर भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का दौर चलता रहा, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा.

Also Read: रफीगंज-भदवा रोड पर धावा नदी का पानी पुल के ऊपर पहुंचा, प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन