औरंगाबाद में बारिश बनी किसानों के लिए राहत, धान की रोपनी ने पकड़ी रफ्तार, खेतों में लौटी रौनक

Updated:
विज्ञापन
खेतो में जमा पानी | Prabhat Khabar Network

खेतो में जमा पानी

औरंगाबाद जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है. खेतों में पर्याप्त नमी से धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों में तेजी आई है. यह बारिश खरीफ फसलों के लिए वरदान साबित हो रही है.

विज्ञापन

अंबा। कुटुंबा प्रखंड सहित पूरे औरंगाबाद जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को अब राहत मिली है. खेतों में पर्याप्त नमी और पानी जमा होने से धान की रोपनी समेत अन्य कृषि कार्यों में तेजी आ गई है. कई दिनों से सूखे जैसी स्थिति के कारण खेती प्रभावित हो रही थी, लेकिन मौसम का रुख बदलने से ग्रामीण इलाकों में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं.

धान की रोपनी और खेतों की तैयारी ने पकड़ी रफ्तार

शनिवार की हल्की बारिश के बाद रविवार शाम और रात में हुई अच्छी वर्षा से खेतों में पानी भर गया. इसका लाभ उठाते हुए किसान धान की रोपनी, बिचड़ा उखाड़ने और खेतों की जुताई में जुट गए हैं. जिन किसानों ने पहले समरसेबल और डीजल पंप के सहारे रोपनी शुरू की थी, उन्हें भी राहत मिली है. वहीं बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने भी अब तेजी से खेती का काम शुरू कर दिया है.

किसानों ने बारिश को बताया खरीफ फसलों के लिए वरदान

स्थानीय किसान संजय सिंह, अभय पांडेय, मृत्युंजय सिंह, अरुण यादव और शिवनाथ पांडेय ने बताया कि बारिश नहीं होने और उत्तर कोयल नहर से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने के कारण धान की रोपनी प्रभावित हो रही थी. उनका कहना है कि समय पर हुई बारिश खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी. यदि अगले कुछ दिनों तक सामान्य बारिश जारी रही तो बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ जाएगी.

रेड अलर्ट के बावजूद सामान्य रही स्थिति

मौसम विभाग ने 19 से 21 जुलाई के बीच जिले में भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया था. संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी आवश्यक तैयारियां की थीं. हालांकि सोमवार सुबह तक कुटुंबा प्रखंड में कहीं भी बाढ़ या भारी बारिश से नुकसान की सूचना नहीं मिली. फिलहाल सामान्य बारिश से किसानों की चिंता काफी हद तक दूर हो गई है और खेतों में बढ़ी रौनक बेहतर खरीफ सीजन की उम्मीद जगा रही है.


विज्ञापन
Ambuj Kumar

लेखक के बारे में

By Ambuj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन