कुटुंबा में मेन कैनाल का हेड रेगुलेटर सही हुआ, गेट ऑन करने में हो रही दिक्कत अब सही
हेड रेगुलेटर ठीक करते टेक्निकल मैन | Prabhat Khabar Network
उत्तर कोयल मुख्य नहर के हेड रेगुलेटर की खराबी को ठीक कर दिया गया है, जिससे महुअरी उप वितरणी में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया है. किसानों को अब धान की फसल की देखरेख में आसानी होगी.
उत्तर कोयल मुख्य नहर के री-मॉडलिंग के दौरान क्रॉस रेगुलेटर और हेड रेगुलेटर के संचालन सिस्टम में बदलाव किया गया है. पहले सीआर और एचआर गेट को मैनुअल हैंडिल सिस्टम से संचालित किया जाता था. अब गेट का वजन पहले की अपेक्षा बढ़ा दिया गया है. गेट को मैनुअल के साथ गियर सिस्टम के माध्यम से अप और डाउन किया जाता है. सिस्टम में खराबी आने के कारण गेट के संचालन में परेशानी उत्पन्न हो रही है.
आपके शहर में
जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत सरकार की अधिकृत कार्य एजेंसी वाप्कोस की देखरेख में उत्तर कोयल नहर की लाइनिंग, सीडी स्ट्रक्चर, वेंट, एक्वाडक्ट, सुपर पैसेज सहित अन्य संरचनाओं का कार्य कराया गया है. आरोप है कि नहर के विभिन्न संरचनाओं के निर्माण और संचालन व्यवस्था में मानिटरिंग टीम व संबंधित एजेंसी द्वारा अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया. इसका खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है. नहर से किसानों की अपेक्षा के अनुरूप सिंचाई सुविधा नहीं मिल पा रही है.
एचआर गेट खराब होने से सिंचाई हुई प्रभावित
मुख्य नहर के 152.5 आरडी से निकलने वाली महुअरी उप वितरणी का हेड रेगुलेटर पिछले एक सप्ताह से खराब था. हेड रेगुलेटर का संचालन सिस्टम चूड़ी से निकल जाने के कारण गेट को ऑन और डाउन करने में भारी परेशानी हो रही थी. इसके कारण कमांड क्षेत्र में सिंचाई प्रभावित हुई. किसानों ने विभागीय अधिकारियों से शीघ्र व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की.
सूही गांव के किसान अजीत पांडेय, सुदर्शन पांडेय, विनय सिंह व मांडल सिंह के साथ मुखिया मंजीत कुमार यादव ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का ध्यान समस्या की ओर आकृष्ट कराया.किसानो ने शीघ्र दुरुस्त कर नहर में पानी छोड़ने की मांग की है.विदित हो कि सिंचाई प्रभावित होने से किसान को धान की फसल लगे खेत से खरपतवार निकालने और यूरिया के भुड़काव करने में परेशानी हो रही है.
क्या बोले अफसर
अंबा डिवीजन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विवेक कुमार ने बताया कि हेड रेगुलेटर ऑपरेट करने का सिस्टम चूड़ी से निकल जाने के कारण गेट को ऑन और डाउन करने में परेशानी हो रही थी. सोमवार को टेक्निकल कर्मियों द्वारा सिस्टम को ठीक करा दिया गया है. इसके बाद महुअरी उप वितरणी का संचालन शुरू कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए