हाजीपुर जीएम ने किया सोननगर जंक्शन का निरीक्षण, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
निरीक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डीम्पी गर्ग ने सोननगर जंक्शन का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और संरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की. जन प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई प्रमुख समस्याओं पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के महाप्रबंधक डीम्पी गर्ग ने सोमवार को सोननगर जंक्शन का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में स्टेशन की स्पष्ट पहचान के लिए सोननगर जंक्शन पर जल्द ही नया नेम बोर्ड लगाए जाने का निर्णय लिया गया.
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संगठनों ने जीएम को मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया. रेलयात्री संघ के अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता ने महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न महानगरों के लिए यात्रा करते हैं, ऐसे में ठहराव मिलने से आमजन को सीधी राहत मिलेगी.
वहीं उपप्रमुख प्रतिनिधि विजय कुमार यादव एवं बीडीसी अजय कुमार सिंह ने क्षतिग्रस्त पुल की अविलंब मरम्मत, स्टेशन के समीप जलजमाव से निजात और भीषण जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई.
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इन बुनियादी समस्याओं से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. महाप्रबंधक डीम्पी गर्ग ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर त्वरित पहल कर समाधान निकाला जाएगा.
इस अवसर पर डीआरएम उदय सिंह मीना, मुख्य परिचालन प्रबंधक इंदू रानी दुबे, सोननगर जंक्शन प्रबंधक संजय पासवान, भाजपा नेत्री सीमा गुप्ता, पूर्व मुखिया उपेंद्र कुमार, योगेंद्र पासवान, दीपक कुमार, लव सिंह, मनु कुमार, अमरदीप कुमार, कृष्ण राम और परवेश राम सहित कई रेल अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए