बारुण में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 12 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, अवैध कनेक्शन पर भारी जुर्माना
बारुण में बिजली चोरी के खिलाफ कड़े कदम उठाए गए हैं. 12 लोगों को अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करते पकड़ा गया है. इन सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.
Aurangabad News: जिले के बारून थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न ग्रामीण इलाकों में विद्युत ऊर्जा की चोरी रोकने के लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बारून द्वारा औचक छापेमारी अभियान चलाया गया. कनीय विद्युत अभियंता (जेई) मनोज कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई से अवैध रूप से बिजली का उपभोग कर रहे लोगों के बीच हड़कंप मच गया. छापेमारी दल ने अलग-अलग गांवों से कुल 12 उपभोक्ताओं को रंगे हाथ बिजली चोरी करते पकड़ा.
12 नामजद लोगों पर विद्युत अधिनियम के तहत केस
कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बारून थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि "कनीय विद्युत अभियंता मनोज कुमार द्वारा थाने में लिखित आवेदन देकर 12 नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है." पुलिस ने विभागीय आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
विभिन्न गांवों के 12 लोग चिन्हित
विद्युत विभाग द्वारा की गई इस औचक जांच में चार गांवों के लोगों को अवैध ऊर्जा उपभोग में लिप्त पाया गया:
- जोगिया गांव: मो. काजिम एवं परशुराम प्रसाद
- प्रीतमपुर गांव: उपेंद्र कुमार पांडेय, बालगोविंद पांडेय एवं राम विनय पांडेय
- डिंगर बिगहा: भिखारी यादव एवं दिलीप यादव
- बर्डी खुर्द: राम नारायण सिंह, प्रसिद्ध ठाकुर, चंदन मेहता, धीरज कुमार एवं अजय शर्मा
टोका फंसाकर और मीटर बाइपास कर हो रही थी चोरी
जांच के दौरान विद्युत टीम ने पाया कि संबंधित व्यक्ति मुख्य एलटी लाइन में अवैध रूप से टोका फंसाकर अथवा विद्युत मीटर को बाइपास कर सीधे बिजली का उपयोग कर रहे थे. इस अवैध कृत्य से विभाग को प्रतिमाह बड़े पैमाने पर राजस्व की आर्थिक क्षति हो रही थी. जेई मनोज कुमार ने बताया कि सभी 12 चिन्हित व्यक्तियों पर विद्युत विभाग के तय मानकों के अनुसार राजस्व नुकसान का आकलन करते हुए भारी जुर्माना अधिरोपित किया गया है.
लाइन लॉस घटाने के लिए जारी रहेगा अभियान
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में लाइन लॉस कम करने और राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए यह औचक निरीक्षण अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध टोका या मीटर छेड़छाड़ से बचें और वैध कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपभोग करें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए