औरंगाबाद में अब प्लास्टिक कचरा फेंकें नहीं, बेचकर कमाएं पैसे; नगर पर्षद ने शुरू की पहल
प्लास्टिक खरीदारी के दौरान मौजूद नगर पर्षद के ईओ एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के दाउदनगर में शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर पर्षद ने प्लास्टिक खरीदकर उसके पुनर्चक्रण की पहल शुरू की है. इसके तहत भखरुआं चौक स्थित एजेंसी से 15 किलो प्लास्टिक की खरीदारी की गई और पांच रुपये प्रति किलो की दर से 75 रुपये का भुगतान किया गया. नगर पर्षद प्लास्टिक कचरे को सिरिस स्थित प्लांट में भेज रही है, जहां उसका पुनर्चक्रण किया जाएगा. इस व्यवस्था से शहर की सफाई के साथ नगर पर्षद को राजस्व भी मिलेगा.
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के दाउदनगर शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और प्लास्टिक के उचित प्रबंधन को लेकर नगर पर्षद दाउदनगर ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. इसके तहत प्लास्टिक की खरीदारी कर उसके पुनर्चक्रण की व्यवस्था की जा रही है.
इसी क्रम में नगर पर्षद ने अनुमंडल मुख्यालय के भखरुआं चौक स्थित एक एजेंसी से समन्वय स्थापित कर 15 किलो प्लास्टिक की खरीदारी की. इसके एवज में सफाई एजेंसी की ओर से पांच रुपये प्रति किलो की दर से कुल 75 रुपये का भुगतान किया गया.
इस मौके पर नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी, टाउन स्वच्छता पदाधिकारी अमन कुमार, सिटी मैनेजर प्रशांत कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा केसरी, सफाई एजेंसी तरक्की के प्रतिनिधि साबिर एवं विकास उपस्थित रहे.
प्लास्टिक कचरे के संग्रहण को मिलेगा प्रोत्साहन
कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी ने कहा कि प्लास्टिक की खरीदारी और उसके उचित निस्तारण की यह पहल प्लास्टिक प्रसंस्करण में जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है. इससे लोगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को प्लास्टिक इधर-उधर फेंकने के बजाय उसे एकत्र कर बेचने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा.
सिरिस स्थित प्लांट में किया जा रहा प्लास्टिक का पुनर्चक्रण
टाउन स्वच्छता पदाधिकारी अमन कुमार ने बताया कि प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत यह खरीदारी की जा रही है. नगर पर्षद प्लास्टिक कचरे को खरीदकर सिरिस स्थित एक प्लांट को बेच रही है, जहां उसका पुनर्चक्रण किया जा रहा है. इस व्यवस्था से प्लास्टिक का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण संभव हो रहा है. साथ ही नगर पर्षद को भी राजस्व की प्राप्ति हो रही है.
आम लोगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सहयोग की अपील
अमन कुमार ने बताया कि इस पहल में आम लोगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भागीदारी बेहद जरूरी है. कोई भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान अपने यहां जमा प्लास्टिक को निर्धारित दर पर बेच सकता है. इसके लिए सफाई एजेंसी के प्रतिनिधि साबिर अथवा नगर पर्षद कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है.
नगर पर्षद की इस पहल से प्लास्टिक के संग्रहण, पुनर्चक्रण और शहर को स्वच्छ रखने के अभियान को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
