ePaper

देवजरा का नवनिर्मित मॉडल थाना भवन औरंगाबाद पुलिस को सुपुर्द

Updated at : 27 Feb 2026 5:20 PM (IST)
विज्ञापन
देवजरा का नवनिर्मित मॉडल थाना भवन औरंगाबाद पुलिस को सुपुर्द

मगध आइजी ने किया शुभारंभ, नये थाने से दर्जनों गांवों की होगी सुरक्षा

विज्ञापन

मगध आइजी ने किया शुभारंभ, नये थाने से दर्जनों गांवों की होगी सुरक्षा प्रतिनिधि, औरंगाबाद/मदनपुर. शुक्रवार को अति नक्सल प्रभावित मदनपुर प्रखंड के देवजरा गांव में नवनिर्मित थाना भवन का शुभारंभ मगध रेंज के आइजी क्षत्रनिल सिंह ने किया और फिर विधिवत पुलिस को सुपुर्द कर दिया. आइजी ने पूजा-अर्चना के साथ फीता काटकर नये भवन का उद्घाटन किया. इससे पूर्व बिहार पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी. आइजी ने नये थाना भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि देवजरा में बने नये थाना भवन को जिला पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है. देवजरा मॉडल थाना भवन विभागीय अभियंता की देखरेख में गुणवत्तापूर्ण बहुमंजिला भवन के रूप में तैयार किया गया है. नये थाना भवन में महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग हाजत एवं आवास, कंप्यूटर रूम, आगंतुक कक्ष तथा मीटिंग रूम की समुचित व्यवस्था की गयी है. सुनिश्चित किया गया है कि थाना आने वाले लोगों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर वातावरण मिल सके. आइजी ने कहा कि नये थाना भवन के शुरू होने से न सिर्फ पुलिसिंग व्यवस्था और सुदृढ़ होगी, बल्कि आम लोगों को भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक, सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल मिलेगा. इससे गश्ती करने तथा आसपास के लोगों को प्राथमिकी दर्ज कराने में आसानी होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी.मदनपुर-देव रोड से देवजरा थाना तक सड़क निर्माण को लेकर प्रस्ताव भेजा जायेगा, ताकि आवागमन में सुविधा हो सके. उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के अंदर देवजरा, आजन व देव के कचनपुर में पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति कर विधिवत कार्य शुरू कर दिया जायेगा. कभी नक्सलियों का दिखता था खौफ, कई घटनाओं को दिये थे अंजाम ज्ञात हो कि वर्ष-2000 में देवजरा निवासी घोड़ा डिहरी पंचायत के पूर्व मुखिया पवन सिंह उर्फ बाबू के पिता बबन सिंह की हत्या नक्सलियों ने कर दी थी. इसके बाद वर्ष-2006 में उनके चाचा, जिला पार्षद प्रत्याशी अशोक सिंह समेत छह लोगों की भी नक्सलियों ने हत्या कर दी थी. इन घटनाओं के बाद देवजरा समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया था. सुरक्षा के मद्देनजर वहां एक पुलिस पिकेट बनाया गया था, लेकिन ग्रामीणों ने स्थायी थाना की मांग की थी. जानकारी मिली कि पूर्व मुखिया पवन सिंह के परिवार की ओर से दो बीघा जमीन दान में दी गयी. स्वीकृति मिलने के बाद बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की ओर से लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से नये थाना भवन का निर्माण कराया गया, जिसे शुक्रवार को जिला पुलिस को सौंप दिया गया. नये थाने से ग्रामीणों में जगी उम्मीद, जताया हर्ष नये थाना भवन के निर्माण व सुपुर्दगी से ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त हो गया है. पूर्व मुखिया पवन सिंह उर्फ बाबू, दिनेश सिंह, बिंदेश्वरी सिंह, मंटू सिंह, टेंपो सिंह, रमेश सिंह, सोहन सिंह, धनुज सिंह, मनोज सिंह, शत्रुघ्न पासवान, कन्हाई पासवान समेत अन्य लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे लगभग 20 वर्षों से नये थाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे थे. आज उनका सपना साकार हो गया. अब वे स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. ग्रामीणों ने कहा कि अब उनकी समस्याएं सुनी जायेंगी और प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए दूर मदनपुर नहीं जाना पड़ेगा. साथ ही आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्ती होने से विधि-व्यवस्था की समस्या से राहत मिलेगी. मौके पर जिले के पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल, सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक कुमार सिंह, ज्योति कुमारी, मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, एसआइ गुलाम सरवर, पीएसआइ रोहित कुमार, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के सहायक अभियंता शुभम कुमार, कनीय अभियंता गोरेलाल राजवंश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन