औरंगाबाद में खुले ट्रांसफार्मर और लोहे के बिजली पोल से हादसे का खतरा, 50 नागरिकों ने सौंपा आवेदन
मध्य विद्यालय संख्या दो के पास लगा ट्रांसफार्मर | Prabhat Khabar Network
Aurangabad News : दाउदनगर के नागरिकों ने असुरक्षित बिजली ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा ग्रील लगाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन.
Aurangabad News : दाउदनगर शहर में खुले एवं असुरक्षित बिजली ट्रांसफार्मरों और लोहे के विद्युत पोलों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए दर्जनों विद्युत उपभोक्ताओं ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है. इस संबंध में करीब 50 नागरिकों ने संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, दाउदनगर के कार्यपालक अभियंता को सौंपा है. नागरिकों ने नगर पर्षद दाउदनगर क्षेत्र में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा ग्रील लगाने और बाजार क्षेत्र में लोहे के पोलों पर लगे एलटी कनेक्शन बॉक्स को हटाकर सीमेंट के पोल पर लगाने की मांग की है.
आपके शहर में
ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा ग्रील लगाने की मांग
आवेदन में कहा गया है कि शहर के कई स्थानों पर बिजली ट्रांसफार्मर खुले और असुरक्षित स्थिति में लगे हुए हैं. इनके आसपास सुरक्षा ग्रील नहीं होने के कारण राहगीरों, बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बना रहता है. नागरिकों ने अन्य शहरों की तर्ज पर ट्रांसफार्मरों के चारों ओर मजबूत सुरक्षा ग्रील लगाने की मांग की है, ताकि आम लोगों का विद्युत उपकरणों से सीधे संपर्क न हो सके.
कई जगह ट्रांसफार्मर के नीचे लगे हैं बिजली बॉक्स
नागरिकों ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर के नीचे ही बिजली के बॉक्स लगे हुए हैं. इसके अलावा विद्युत तार भी कई जगह नीचे तक लटके रहते हैं. इससे राहगीरों, बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना रहता है. लोगों ने विद्युत विभाग से ऐसे सभी स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है.
बच्ची की मौत का भी आवेदन में किया गया उल्लेख
संयुक्त आवेदन में तरार के हरिनगर में हुई घटना का भी उल्लेख किया गया है. नागरिकों के अनुसार, वहां ट्रांसफार्मर में लगे बिजली के तार की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गयी थी. लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शहर में विद्युत संरचनाओं की सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से दुरुस्त करने की जरूरत है.
लोहे के पोल पर लगे एलटी बॉक्स हटाने की मांग
बाजार क्षेत्र में लोहे के पोलों पर लगे एलटी कनेक्शन बॉक्स को हटाकर सीमेंट के पोल पर स्थानांतरित करने की भी मांग की गयी है. नागरिकों का कहना है कि लोहे के पोल में कभी-कभी करंट प्रवाहित होने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. हाल ही में महाराजा पैलेस के पास बिजली के पोल में करंट आने से उसकी चपेट में एक बकरी की मौत हो गयी थी.
कई स्थानों की तस्वीरें आवेदन के साथ की गयीं संलग्न
नागरिकों ने आवेदन के साथ शहर के राजकीय मध्य विद्यालय संख्या-दो के समीप, मगध होटल के पास, थाना के निकट, महाराजा पैलेस के समीप, लल्लू फ्लावर के पास तथा पिराहीबाग-बरुण रोड में लगे ट्रांसफार्मरों की तस्वीरें भी संलग्न की हैं. आवेदन पर मो. वलीउल्लाह अंसारी, तबरेज आलम, हंसराज चौधरी, रंजीत कुमार सिंह, मोइन अहमद, मो. अब्बास, दीपक समेत करीब 50 नागरिकों के हस्ताक्षर हैं.
Also Read : नवादा में सस्ते लोन का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार, मोबाइल-सिम और कार बरामद
तत्काल स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से शहर के विभिन्न स्थानों का तत्काल स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों ने कहा कि शहर में बढ़ती आबादी और बाजार क्षेत्र में लोगों की लगातार आवाजाही को देखते हुए बिजली ट्रांसफार्मरों और विद्युत पोलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना बेहद जरूरी है. नागरिकों ने आम लोगों, बच्चों और पशुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए