औरंगाबाद में बड़ा हादसा टला: बच्चों से भरी पिकअप पलटी, 10 से अधिक छात्र घायल

Updated:
विज्ञापन
Accident

घटना की तस्वीर

Bihar Road Accident: औरंगाबाद में बड़ा हादसा होने से टला. स्कूल जा रहे बच्चों से भरा वाहन सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए. वाहन में क्षमता से अधिक करीब 20 बच्चों को बैठाकर स्कूल लाया जा रहा था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

Bihar Road Accident: (सौरभ कुमार सिंह) बिहार के औरंगाबाद जिले से बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. नवीनगर प्रखंड के रामनगर में शुक्रवार को स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे में 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ.

स्कूल जा रहे थे बच्चे, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कॉलेज मोड़ के समीप स्थित शिवम पब्लिक स्कूल के बच्चों को लेने के लिए प्रतिदिन की तरह पिकअप वाहन रामनगर पहुंचा था. वाहन में क्षमता से अधिक करीब 20 बच्चों को बैठाकर स्कूल लाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गई. हादसे के बाद वाहन में सवार बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए पहले निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफरल अस्पताल भेज दिया गया.

बिना पंजीकरण के बच्चों को ढोने का आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जिस पिकअप वाहन से बच्चों को लाया-ले जाया जा रहा था, वह स्कूल वाहन के रूप में पंजीकृत नहीं था. इसके बावजूद लंबे समय से उसी वाहन का उपयोग बच्चों के परिवहन के लिए किया जा रहा है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले भी इस मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी गई थी. लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

मोबाइल पर बात करते हुए चला रहा था चालक

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के समय चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था. इसी लापरवाही के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. खरौंधा गांव निवासी आसिफ अंसारी, राजू अंसारी और महताब अंसारी समेत कई लोगों ने नवीनगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई. नवीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय उपाध्याय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read:

विज्ञापन
Ragini Sharma

लेखक के बारे में

By Ragini Sharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन