सूरत में छत से गिरकर औरंगाबाद के युवक की मौत, खाना खाने के बाद टहलने गया था रोहित

Updated:
विज्ञापन

मृतक का फाइल फोटो

सूरत में एक युवक की दुखद मौत हो गई जब खाना खाने के बाद छत पर टहलते हुए उसका पैर फिसल गया. यह हादसा औरंगाबाद के गंगटी गांव के रोहित कुमार के साथ हुआ, जिससे परिवार में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

Aurangabad youth death: गुजरात के सूरत में रविवार की अहले सुबह हुए हादसे में औरंगाबाद के एक युवक की मौत हो गयी. छत पर टहलने के दौरान पैर फिसलने से युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही औरंगाबाद स्थित उसके घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

मृतक की पहचान औरंगाबाद शहर के वार्ड नंबर 31 स्थित गंगटी गांव निवासी मुरारी ठाकुर के पुत्र रोहित कुमार उर्फ विक्की ठाकुर के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रोहित अविवाहित था और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करने के लिए सूरत में रहकर एक फैक्ट्री में काम करता था. परिजनों के अनुसार, वह मेहनती और मिलनसार युवक था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं.

खाना खाने के बाद छत पर गया था रोहित

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे रोहित रात्रि ड्यूटी समाप्त कर अपने किराये के क्वार्टर में पहुंचा था. वहां खाना खाने के बाद वह कुछ देर टहलने के लिए छत पर चला गया. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे जा गिरा. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से रोहित को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही. इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके साथ रहने वाले लोगों और परिचितों के साथ-साथ परिजनों में भी शोक की लहर दौड़ गयी.

शव के आने का इंतजार, हर आंख नम

घटना की जानकारी परिजनों को मिलते ही गंगटी गांव में मातम पसर गया. घर में चीख-पुकार मच गयी. परिजन रोहित के शव के आने का इंतजार कर रहे हैं. गांव के लोग भी परिजनों को ढांढ़स बंधाने पहुंच रहे हैं.

मृतक के चाचा मंटू ठाकुर ने बताया कि रोहित काफी मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक था. परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं. उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार टूट गया है. घटना के बाद गंगटी गांव के साथ आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है. लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और रोहित की असमय मौत पर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन