औरंगाबाद में अगस्त में कमजोर रहा मानसून, सामान्य से 25 से 30 फीसदी कम बारिश; धान की खेती पर संकट
धान की रोपाई
अगस्त महीने में औरंगाबाद जिले में मानसून कमजोर रहा, जिससे सामान्य से 25-30% कम बारिश दर्ज की गई है. इस अल्पवृष्टि का सीधा असर धान की खेती और भूजल स्तर पर पड़ा है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं.
Aurangabad rain: जिले में इस बार अगस्त महीने में मानसून कमजोर रहा है. सरकारी वर्षापात रिपोर्ट के अनुसार जिले में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है. सांख्यिकी विभाग के आंकड़ों के अनुसार 22 अगस्त की सुबह 8 बजे तक सभी 11 प्रखंडों में मिलाकर औसतन 224.9 एमएम बारिश हुई है, जबकि सामान्य तौर पर 258.35 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. इस लिहाज से जिले में करीब 25 से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इस बार 22 दिनों में औसतन नौ दिन ही बारिश हुई है.
आपके शहर में
मदनपुर में सबसे अधिक, नबीनगर में सबसे कम बारिश
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार मदनपुर में अब तक सर्वाधिक 467.2 एमएम बारिश 11 दिनों में हुई है. इसके बाद रफीगंज में 255.2 एमएम, औरंगाबाद सदर में 236.0 एमएम और ओबरा में 237.6 एमएम बारिश दर्ज की गयी है. वहीं, सबसे कम बारिश वाले प्रखंडों में नबीनगर में 121.8 एमएम, गोह में 147.4 एमएम, दाउदनगर में 169.6 एमएम और देव में 170.6 एमएम बारिश हुई है. कुटुंबा प्रखंड में 10 दिनों में कुल 208.2 एमएम बारिश दर्ज की गयी है.
कुटुंबा में पांच दिन तक नहीं बरसे मेघ
कुटुंबा प्रखंड में बारिश का वितरण भी असमान रहा. यहां 4 अगस्त को 24.4 एमएम, 5 अगस्त को 40.8 एमएम, 15 अगस्त को 32.4 एमएम और 20 अगस्त को 38.4 एमएम बारिश हुई. बाकी दिनों में 10 एमएम से कम या शून्य बारिश दर्ज की गयी. 8 से 12 अगस्त तक लगातार पांच दिनों तक प्रखंड में एक बूंद पानी नहीं गिरा. इससे किसानों की चिंता बढ़ गयी है.
कम बारिश से धान की खेती और भूजल स्तर प्रभावित
अगस्त में कम बारिश का सीधा असर खेती पर पड़ा है. भूजल स्तर नहीं बढ़ने से चापाकल और बोरिंग भी प्रभावित हो रहे हैं. नदी-नाले सूखे हैं. दक्षिणी क्षेत्र के असिंचित गांवों में धान की रोपाई अब तक अधूरी है. किसानों का कहना है कि अब रोपाई का समय निकल चुका है. अगस्त में सामान्य से कम बारिश होने के कारण खरीफ फसल पर संकट गहरा गया है. किसानों को धान की फसल के साथ-साथ सिंचाई की भी चिंता सताने लगी है.
एसएसओ ने बताया, मई में सामान्य से चार गुना अधिक बारिश
एसएसओ के अनुसार इस बार मई महीने में बेमौसम बारिश औसत से चार गुना अधिक हुई है. वहीं, जून में 136.1 एमएम बारिश का लक्ष्य था, लेकिन इसके विरुद्ध मात्र 36 एमएम बारिश हुई. जुलाई में 323.3 एमएम के लक्ष्य के विरुद्ध 231.4 एमएम बारिश दर्ज की गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए