BJP के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर जनप्रतिनिधि से मारपीट का आरोप, गुप्त सूचना पर औरंगाबाद से हुए गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
बारुण में पंचायत समिति सदस्य सह जदयू महासचिव रंजीत सिंह पर हुए जानलेवा हमले और लूटपाट मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अजित कुमार को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है.
औरंगाबाद जिले के बारुण में पंचायत समिति सदस्य सह जदयू महासचिव रंजीत सिंह के साथ की गई मारपीट, छिनतई और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है. जम्होर थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य नामजद अभियुक्त और बारुण के भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अजित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
आपके शहर में
गुप्त सूचना के आधार पर औरंगाबाद से हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश बना रही थी. जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड संख्या 237/26 का नामजद अभियुक्त अजित कुमार औरंगाबाद शहर में छिपा हुआ है.
सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और अभियुक्त को घेराबंदी कर धर दबोचा.
सरकारी काम के दौरान निरीक्षण से लौटते समय हुआ था हमला
बता दें कि दो दिन पूर्व गोठौली पंचायत के पंचायत समिति सदस्य रंजीत सिंह, बारुण बीडीओ नीरज कुमार के साथ ग्रामीणों के बुलावे पर धरमपुरा गांव में जलजमाव व जर्जर नाली का मुआयना करने गए थे. निरीक्षण के बाद जब वे बीडीओ के साथ वापस लौट रहे थे, तभी धरमपुरा में अजित कुमार, सुजीत कुमार और अमित कुमार द्वारा जबरन गाड़ी रुकवा ली गई थी.
गाड़ी से खींचकर बेरहमी से मारपीट और छिनतई का आरोप
आरोप है कि जनप्रतिनिधि को गाड़ी से खींचकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया और सोने की चेन, नकदी समेत अहम सरकारी कागजात छीन लिए गए थे.
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए