नेता जी पधारो हमारे गांव, लेकिन आओ खाली पांव

Updated at : 02 Aug 2018 3:57 AM (IST)
विज्ञापन
नेता जी पधारो हमारे गांव, लेकिन आओ खाली पांव

जमुनिया सिजुआही गांव में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं मदनपुर : मदनपुर प्रखंड क्षेत्र के जमुनिया सिजुआही गांव में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है. यहां की स्थिति बदतर है और लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हैं. यहां तक पहुंचने के लिए न तो सड़क है और न ही नाली […]

विज्ञापन

जमुनिया सिजुआही गांव में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं

मदनपुर : मदनपुर प्रखंड क्षेत्र के जमुनिया सिजुआही गांव में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है. यहां की स्थिति बदतर है और लोग नारकीय जीवन जीने को विवश हैं. यहां तक पहुंचने के लिए न तो सड़क है और न ही नाली व गली का निर्माण हुआ है. पिछले कई साल से गांव की गलियों में नाले का पानी जमा है, जिससे होकर लोग आते-जाते हैं. इस गांव की ओर ना तो अधिकारी देखते हैं और न ही नेता. बदहाल सड़क पर जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने धान रोपकर विरोध जताया. ग्रामीणों का आरोप है कि गड्ढे के रूप में तब्दील सड़क के निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है, लेकिन सड़क निर्माण की दिशा में संवेदनहीनता के चलते लोगों को सड़क पर धान रोपकर प्रदर्शन के लिए विवश होना पड़ा. ग्रामीणों के मुताबिक अधिकारियों की उदासीनता के कारण परेशानी हो रही है. दक्षिणी उमगा पंचायत में पड़नेवाली गांव जमुनिया और सिजुआही जानेवाली सड़क जर्जर है.
गंदे पानी से होकर स्कूल जाते हैं बच्चे : बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र जाना हो या स्कूल, गंदे पानी से होकर जाना पड़ता है. अभिभावक छोटे बच्चे को गोद में लेकर कीचड़ से पार कराते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी के इस आलम ने आबादी को बीमारियों से पूरी तरह घेर रखा है. इस गांव में अधिकतर किसान और मजदूर रहते हैं, लेकिन मोटी रकम बीमारी पर खर्च होती है.
सात निश्चय से भी नहीं हुआ काम
सीएम के सात निश्चय में गांव का विकास भी शामिल है, लेकिन एक ईंट तक इस गांव में नहीं लगी है. शकुंतला देवी, फुलवा देवी, शकुंती देवी, अमृता देवी व गौरी देवी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार सात निश्चय योजना से गांव की तस्वीर बदलने की बात कही थी,लेकिन कुछ नहीं हुआ. महिलाओं ने बताया कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि वोट मांगने आते हैं और सड़क बनाने की बात कहते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही अपने किये वादों को भूल जाते हैं.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी : छात्र जाप के मगध प्रभारी विजय उर्फ गोलू यादव, अमरजीत यादव, रवींद्र यादव, राजेश यादव व अर्जुन यादव सहित कई ग्रामीणों ने झील में तब्दील इस सड़क पर धान रोपनी कर अपना विरोध जताया. महिलाएं भी लगी थी. लोगों ने राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन