अरवल के सोन कैनाल में 100 की रफ्तार से चल रही सफारी पलटी, पटना आ रहे 4 लोगों की दम घुटकर मौत
घटनास्थल की तस्वीर
Arwal News : अरवल के सदर थाना क्षेत्र में सोन कैनाल मुख्य पथ पर देर रात एक अनियंत्रित सफारी गाड़ी नहर में पलट गई, जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया.
Arwal News: (अनिरुद्ध कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
अरवल सदर थाना क्षेत्र के सोन कैनाल मुख्य पथ पर गांधी मैदान के समीप रविवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया. तेज रफ्तार सफारी वाहन अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ.
नहर में पलट गई सफारी, चार लोगों की गई जान
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब 12 बजे सफारी वाहन सोन कैनाल रोड पर तेज गति से जा रहा था. इसी दौरान मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी नहर में जा गिरी. वाहन में कुल पांच लोग सवार थे. हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल लिया गया.
विधायक से मिलकर लौट रहे थे सभी युवक
बताया जा रहा है कि सभी युवक किसी स्थानीय विधायक से मिलने अरवल आए थे और देर रात वापस लौट रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिसके कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया.
दम घुटने से हुई चार लोगों की मौत
नहर में पानी भरा होने के कारण वाहन के अंदर फंसे चार युवकों की दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान राहुल कुमार (30) पिता रमेश विश्वकर्मा, निवासी देवकली, बिहटा; मनोज कुमार (36) पिता चतुर्भुज चौधरी, निवासी रानीपुर, रानीतालाब; निशंक राज (23) पिता त्रिभवन राम, निवासी अम्हारा तथा अमन राज (28) निवासी पटना के रूप में की गई है.
एक युवक की बची जान
हादसे में घायल रोहित कुमार (23) पिता कुलदीप महतो, निवासी आईटीआई अम्हारा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
चौथे शव की पहचान में जुटी पुलिस
डीएसपी कुमार संजय ने बताया कि मृतकों में तीन की पहचान और पूरा पता सत्यापित कर लिया गया है, जबकि एक मृतक की विस्तृत जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तीन शव परिजनों को सौंपे गए
समाचार लिखे जाने तक तीन शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया था. वहीं चौथा शव पहचान की प्रक्रिया पूरी होने तक अरवल सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है. पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई है.
ALSO READ: अरवल के 40 युवाओं ने बिहार पुलिस में पाई सफलता, सम्मान समारोह में बढ़ाया गया हौसला
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए