अरवल के मधुश्रवा में सावन की तैयारियां पूरी, बाबा मधेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सावन के पहले दिन मधुश्रवा स्थित बाबा मधेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने साफ-सफाई और सुरक्षा की विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।

विज्ञापन

कलेर. सावन माह का शुभारंभ गुरुवार से होने जा रहा है. सावन के पहले दिन ही प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मधुश्रवा स्थित बाबा मधेश्वरनाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

विज्ञापन

बीडीओ और सीओ ने लिया तैयारियों का जायजा

बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह और अंचलाधिकारी उत्तम राहुल ने मधुश्रवा पहुंचकर मंदिर परिसर, तालाब और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले मार्गों का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

पूरे सावन माह के लिए 30 स्वच्छता कर्मियों की तैनाती

बीडीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पूरे सावन माह के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 30 स्वच्छता कर्मियों की तैनाती की गई है. प्रत्येक पंचायत से दो-दो स्वच्छाग्रही को मधुश्रवा में व्यवस्था की निगरानी और साफ-सफाई के लिए लगाया गया है.

सुपरवाइजर की निगरानी में होगी व्यवस्था

स्वच्छता कर्मियों के कार्यों की निगरानी के लिए स्वच्छाग्रही शत्रुघ्न कुमार को सुपरवाइजर बनाया गया है. उनके नेतृत्व में मंदिर परिसर, तालाब, आसपास के क्षेत्रों और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले मार्गों की नियमित साफ-सफाई और निगरानी की जाएगी. किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके.

सावन के सोमवार पर रहेगी विशेष निगरानी

बीडीओ ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है. इसे देखते हुए विशेष निगरानी और अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी. स्वच्छता कर्मी मंदिर परिसर, तालाब और पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने स्थानीय मुखिया और जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. इधर, मधुश्रवा में सावन को लेकर उत्साह का माहौल है. मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. प्रशासन सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि श्रद्धालु सुगमता के साथ बाबा मधेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक कर सकें.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन