जफी के परिजनों से मिले सांसद सुदामा प्रसाद, बोले- सुखा नशे के खिलाफ आवाज उठाना समाज हित में था
परिजनों को सांत्वना देते सांसद सुदामा प्रसाद
इस्लामगंज में मो. जफी की हत्या के बाद नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. सांसद सुदामा प्रसाद ने जफी के नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कदम को समाज हित में बताया और अपराधियों को कड़ी सजा देने की मांग की. उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की चेतावनी दी.
jafi murder case: इस्लामगंज मोहल्ले में मो. जफी की गोली मारकर हत्या के बाद सोमवार को आरा सांसद सुदामा प्रसाद, जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश और जदयू के पूर्व विधायक प्रभुनाथ राम मृतक के घर पहुंचे. सुबह करीब 11 बजे उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
सुखा नशे के खिलाफ आवाज उठाना समाज हित में था : सुदामा प्रसाद
सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि इस दुख की घड़ी में भाकपा माले परिवार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है. उन्होंने हत्याकांड पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि समाज को बर्बाद कर रहे सुखा नशे के खिलाफ आवाज उठाना अच्छी पहल थी. अपराधी किसी के नहीं होते. जफी की हत्या करने वाले अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वे लोग दोबारा सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेंगे. उन्होंने कहा कि इस हत्या में चरपोखरी थानाध्यक्ष की बड़ी लापरवाही है और उन्हें भी निलंबित किया जाना चाहिए.
18 तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो 19 सितंबर को भोजपुर बंद : भाई दिनेश
भाई दिनेश ने कहा कि 18 सितंबर तक गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो राजद सर्व समाज के साथ 19 सितंबर को पूरा भोजपुर बंद करेगा. उन्होंने कहा कि अपराधी हत्या कर पूरे परिवार के साथ फरार हो गया, लेकिन चरपोखरी थानाध्यक्ष उसे गिरफ्तार नहीं कर सके. निर्दोष को निलंबित किया गया, लेकिन दोषी पुलिस पदाधिकारी को निलंबित नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि यह सरकार में हो रहा है.
दो दिन पहले ग्रामीणों ने दी थी सूचना, फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
राजद नेता श्रीनिवास यादव ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि घटना से दो दिन पहले ही ग्रामीणों ने पुलिस को इलाके में चल रहे नशे के धंधे के संबंध में जानकारी दी थी. इसके बावजूद चरपोखरी पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की? उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नशे के धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की गयी होती, तो शायद आज मो. जफी की जान नहीं जाती. उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर हत्यारोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की.
नशे के कारोबार पर कार्रवाई की उठी मांग
जफी हत्याकांड के बाद इलाके में सुखा नशे के कथित कारोबार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. सांसद और राजद नेता ने पुलिस प्रशासन से ऐसे धंधों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
इस मौके पर पूर्व विधायक शिव प्रकाश रंजन, जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश, रामछपित राम, राजद प्रखंड अध्यक्ष मो सोनू उर्फ निक्कू, भिखारी राम, मो. अमजद अंसारी, मिथलेश यादव, गुड्डु सहित कई नेता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए