आरा में रफ्तार का कहर, डंपर ने पिता-पुत्र समेत तीन को रौंदा, पटना ले जाने के दौरान दोनों की मौत
परिजन का फोटो | Prabhat Khabar Network
आरा-सासाराम हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, जेल से लौट रहे पिता-पुत्र की डंपर की चपेट में आने से मौत। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल, गांव में पसरा मातम।
Arrah Road Accident : आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव के समीप बुधवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को रौंद दिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र की पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गयी, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया.
आपके शहर में
जेल में बंद बेटे से मिलकर लौट रहे थे पिता-पुत्र
मृतकों की पहचान इमादपुर थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव निवासी अशोक कुमार सिंह (56) और उनके पुत्र मुनमुन सिंह (32) के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान उसी गांव के संतोष सिंह के पुत्र छोटू कुमार (21) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, मारपीट के एक मामले में आरा जेल में बंद अशोक कुमार सिंह के दूसरे बेटे मुन्ना सिंह से मुलाकात करने के बाद तीनों बाइक से वापस विशनपुरा गांव लौट रहे थे. इसी दौरान कसाप गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी
डंपर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये और तत्काल तीनों घायलों को इलाज के लिए उदवंतनगर पीएचसी पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने सदर अस्पताल, आरा रेफर कर दिया.
पटना ले जाने के दौरान पिता-पुत्र ने तोड़ा दम
सदर अस्पताल में भी डॉक्टरों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. एंबुलेंस से पटना ले जाने के दौरान अशोक कुमार सिंह और उनके पुत्र मुनमुन सिंह की हालत बिगड़ गयी और दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. वहीं छोटू कुमार का इलाज पटना में जारी है. उसकी स्थिति भी गंभीर बतायी जा रही है.
दो मौतों से विशनपुरा गांव में पसरा मातम
अशोक कुमार सिंह परिवार के बड़े सदस्य थे और खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे. एक ही सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद विशनपुरा गांव में भी मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने दोनों शवों का कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने के बाद उदवंतनगर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, आरा में पोस्टमार्टम कराया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. डंपर की पहचान और चालक के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए