आरा-छपरा फोरलेन पर जाम में खड़े ट्रक में लगी आग, चालक व खलासी जिंदा जले
Updated at : 24 Jan 2025 10:12 PM (IST)
विज्ञापन

कोईलवर थाना क्षेत्र इंग्लिशपुर छलका के समीप गुरुवार की मध्य रात्रि हुई घटना
विज्ञापन
आरा/कोईलवर.
आरा-छपरा फोरलेन पर कोईलवर थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर छलका के समीप गुरुवार की मध्य रात जाम में खड़े ट्रक में अचानक भीषण आग लग गयी. आग लगने के कारण ट्रक में सो रहे चालक व खलासी की जिंदा जलने से घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं ट्रक भी बुरी तरह जलकर राख हो गया. घटना को लेकर आसपास के इलाके में अफरा- तफरी का माहौल कायम हो गया. वहीं, शॉर्ट सर्किट के कारण खड़े ट्रक में आग लगने की आशंका जतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार मृतकों में पीरो थाना क्षेत्र के भूलकुआं गांव निवासी स्व.मुद्रिका सिंह के 56 वर्षीय पुत्र सह चालक भीम सिंह एवं कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैंया गांव निवासी शत्रुघ्न महतो उर्फ भगेलु का 20 वर्षीय पुत्र सह खलासी विकाश कुमार शामिल हैं. मृत विकाश कुमार करीब तीन वर्ष से ट्रक पर खलासी का काम करता था. गुस्साये लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम की सड़कउधर घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा. गुस्साये लोगों ने आरा-छपरा फोरलेन पर इंग्लिशपुर छलका के समीप दोनों शवों को सड़क के बीच रख सड़क जाम कर दिया. गुस्साये लोगों द्वारा करीब ढाई घंटे तक सड़क को जाम रखा गया. सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं एवं आवागमन पूरी तरह ठप रहा. उधर सड़क जाम की सूचना पाकर कोईलवर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह, कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र एवं सर्किल इंस्पेक्टर कमल जीत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस द्वारा वहां एफएसएल की टीम को बुलाया गया. सूचना पाकर एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य को संकलन किया. उसके बाद पुलिस गुस्साये लोगों को समझाने-बुझाने लगी. पुलिस के काफी मशक्कत करने के बाद लोगों को समझा-बूझाकर जाम को हटवाया गया. इसके पश्चात पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. इधर मृतक भीम सिंह के पूर्व खलासी योगेश कुमार ने बताया कि पहले मैं उन्हीं के ट्रक पर खलासी का काम करता था. जब मैं काम सीख लिया, तो ट्रक चलाने लगा. उसने बताया कि दो दिन पूर्व वे दोनों सहार थाना क्षेत्र के बरुही गांव स्थित बालू घाट से बालू लोड कर पश्चिमी चंपारण के बेतिया बालू अनलोड करने गये थे. बुधवार की रात बेतिया से बालू अनलोड करने के बाद वह ट्रक लेकर वापस लौट रहे थे. लौटने के क्रम में गुरुवार की मध्य रात्रि आरा-छपरा फोरलेन पर महाजाम लगने के कारण इंग्लिशपुर छलका के समीप जाम में ट्रक खड़ा कर दोनों ट्रक का दरवाजा बंद कर ट्रक में सो गये थे. उसी बीच गुरुवार की मध्य रात्रि ट्रक में अचानक भीषण आग लग गयी, जिससे जिंदा जलने से दोनों लोगों की मौत हो गयी. इसके बाद ट्रक में लगे सेंसर के माध्यम से ट्रक मालिक को पता चला और उनके द्वारा फोन कर इसकी सूचना उन लोगों को दी गयी और कहा कि जो आरा- छपरा फोर लेन पर देखें ड्राइवर और खलासी के साथ कुछ हुआ है. सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे. बताया जाता है कि मृत चालक भीम सिंह के परिवार में पत्नी राधिका देवी, दो पुत्री सोनी,रानी व दो पुत्र आजाद एवं मंटू हैं. जबकि मृतक खलासी विकाश कुमार अपने चार भाई व तीन बहन में दूसरे स्थान पर था. उसके परिवार में तीन भाई जीतन, अजीत, छोटे लाल एवं तीन बहनें है. मृतक विकास कुमार की शादी पटना जिला के महुआर गांव तय हुई थी. इसी वर्ष के 30 अप्रैल को तिलक एवं 5 मई को बारात जाने वाली थी. जहां उसके घर में लोग उसकी शादी होने को लेकर उसके सिर पर सेहरा सजाने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उसके सिर पर सेहरा सजाने से पहले ही घर से उसकी अर्थी उठ गई. घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है. इस घटना के बाद मृतकों के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




