शाहपुर में बाढ़ को लेकर विधायक राकेश रंजन की बैठक, सरकारी नाव और सामुदायिक रसोई शुरू करने के निर्देश

विज्ञापन

बाढ़ में डूबे इलाके की तस्वीर

शाहपुर प्रखंड में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय विधायक राकेश रंजन ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, सरकारी नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सामुदायिक रसोई शुरू करने के निर्देश दिए गए.

विज्ञापन

Shahpur Flood Relief : भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थानीय विधायक राकेश रंजन ने प्रखंड कार्यालय में सीओ आनंद प्रकाश, बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, लोगों की सुविधा के लिए सरकारी नावों की उपलब्धता तथा बांध पर शरण लेने वाले लोगों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

लाल झंडे वाली सरकारी नावें होंगी उपलब्ध

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवश्यकता के अनुसार सरकारी नावें उपलब्ध कराई जाएंगी. सरकारी नावों पर बैनर के साथ लाल झंडा लगाया जाएगा ताकि लोग उसकी पहचान आसानी से कर सकें.

नावों की उपलब्धता को लेकर किसी क्षेत्र की उपेक्षा न हो, इसके लिए नावों को जरूरत के अनुसार विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में भेजने की बात कही गई.

प्रशासनिक स्तर से पॉलीथिन शीट का होगा वितरण

वहीं बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण भी किया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार पॉलीथिन शीट उपलब्ध है और राजस्व कर्मचारी अपने स्तर से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार इसका वितरण करेंगे.

किसी जनप्रतिनिधि के माध्यम से वितरण कराने पर पक्षपात अथवा राजनीति का आरोप लगने की आशंका को देखते हुए प्रशासनिक स्तर से वितरण कराने पर जोर दिया गया.

राजस्व कर्मचारियों को क्षेत्र में भेजने का निर्देश

बैठक में सीओ को निर्देश दिया गया कि राजस्व कर्मचारियों को बारी-बारी से विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर वहां की स्थिति की जानकारी ली जाए और इसकी सूचना विधायक समेत वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए.

पेयजल, चापाकल और मेडिकल टीम की व्यवस्था

बाढ़ के कारण बांधों पर शरण लेने वाले लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई. पीएचईडी के जेई शुक्रवार को प्रभावित बांधों का जायजा लेंगे.

लालूडेरा, लछूटोला और दामोदरपुर समेत उन स्थानों पर, जहां प्रभावित लोगों की संख्या अधिक है, आवश्यकता के अनुसार चापाकल लगाए जाएंगे. दामोदरपुर बांध पर मेडिकल टीम की तैनाती की भी बात कही गई.

शुक्रवार से शुरू होगी सामुदायिक रसोई

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार से आवश्यकता के अनुरूप कुछ स्थानों पर सामुदायिक रसोई भी शुरू की जाएगी ताकि बांधों पर शरण लिए बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा सके.

बैठक में उपस्थित अन्य प्रतिनिधि और अधिकारी

बैठक में बीस सूत्री अध्यक्ष अंकित पांडे, पैक्स अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, पंकज तिवारी, राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, बंटी पांडे, आशीष राय समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन