आरा के स्कूलों को लेकर DM मनेष कुमार मीणा सख्त, भवन से लेकर मिड-डे मील तक दिए अहम निर्देश

विज्ञापन

अधिकारियों को निर्देश देते जिलाधिकारी

Arrah School System : आरा में जिलाधिकारी मनेष कुमार मीणा ने स्कूलों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को अहम निर्देश दिए हैं. जर्जर भवनों की मरम्मत, मध्याह्न भोजन में स्वच्छता और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है.

विज्ञापन

Arrah School System : आरा में विद्यालयों की व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर जिलाधिकारी मनेष कुमार मीणा ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं. उन्होंने जर्जर या मरम्मत की जरूरत वाले स्कूल भवनों का जल्द आकलन कर सुधार कार्य कराने को कहा. साथ ही मध्याह्न भोजन में स्वच्छता, शिक्षकों की नोटबुक और पाठ योजना की नियमित जांच तथा विद्यार्थियों के साप्ताहिक मूल्यांकन पर जोर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्कूल भवनों की जल्द होगी समीक्षा

जिलाधिकारी मनेष कुमार मीणा ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में भवन की मरम्मत या अन्य जरूरी सुधार की आवश्यकता है, वहां स्थिति का शीघ्र आकलन कराया जाए. इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और सुधार कार्य पूरा कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.

मध्याह्न भोजन में स्वच्छता पर विशेष जोर

उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना में स्वच्छता और हाइजीन का विशेष ध्यान रखने को कहा. मानसून को देखते हुए भोजन तैयार करने की व्यवस्था के साथ विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. स्कूलों में तिथि भोजन का आयोजन कराने पर भी जोर दिया गया.

पढ़ाई की गुणवत्ता की होगी नियमित निगरानी

जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों की नोटबुक, पाठ योजना और विद्यार्थियों के साप्ताहिक मूल्यांकन की नियमित जांच करने का निर्देश दिया. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्धारित सत्र और कक्षा-वार योजना के अनुसार पढ़ाई हो रही है.

विद्यार्थियों को विद्या साथी ऐप की जानकारी देने का निर्देश

विद्यालयों में विद्यार्थियों को विद्या साथी ऐप के बारे में जागरूक करने को भी कहा गया. इसके साथ ही प्रत्येक विद्यालय में एक नोडल कर्मी या पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया गया, जो नियमित रूप से स्कूल का भ्रमण कर स्वच्छता, शैक्षणिक व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे.

2 अक्टूबर से शुरू होगा मशाल अभियान

आगामी मशाल अभियान और मशाल प्रतियोगिता की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 2 अक्टूबर से प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया.

सड़कों की स्थिति का स्थल निरीक्षण करने को कहा

पथ निर्माण विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया. संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता मिलकर सड़कों की जरूरतों का आकलन करेंगे. जहां आवश्यकता होगी, वहां समन्वय के साथ सड़क की मरम्मत और सुधार का काम जल्द कराने को कहा गया.

सहयोग शिविर के लंबित मामलों पर सख्ती

जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आगामी सहयोग शिविर से पहले सभी लंबित मामलों का निपटारा किया जाए और अनावश्यक देरी न हो.

सिर्फ आवेदन नहीं, समाधान पर रहेगा जोर

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है. पूर्व में मिले आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और शिविर के दौरान पात्र लाभुकों को यथासंभव सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

राशन कार्ड और जन्म प्रमाण-पत्र के वितरण पर जोर

सहयोग शिविर में राशन कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र और अन्य लोक सेवाओं से जुड़े तैयार दस्तावेजों का वितरण करने पर विशेष जोर दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र मामलों में सेवाओं का लाभ देने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं हो.

संत रविदास विकास शिविर के आवेदनों का जल्द होगा निपटारा

संत रविदास विकास शिविर को लेकर जिला कल्याण पदाधिकारी को महादलित टोलों में लगाए जा रहे शिविरों से प्राप्त आवेदनों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया गया.

कब्रिस्तान घेराबंदी के लंबित मामलों पर भी निर्देश

जिलाधिकारी ने कब्रिस्तान घेराबंदी से संबंधित लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने को कहा. साथ ही घेराबंदी के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया.

जन्म प्रमाण-पत्र में देरी नहीं करने का निर्देश

जन्म प्रमाण-पत्र से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की देरी नहीं करने को कहा गया. पात्र मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय पर जन्म प्रमाण-पत्र जारी करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया.

Also Read : भोजपुर में दाह-संस्कार से लौटकर पोखरा में नहाने गया युवक, डूबने से हुई मौत, घर में मचा कोहराम

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन