राष्ट्रीय ताईक्वांडो मीट में पटना संभाग का जलवा, 16 स्वर्ण समेत 35 पदक जीतकर बना चैंपियन; बिहिया नवोदय ने जीते 9 स्वर्ण
ताईक्वांडो का सांकेतिक तस्वीर
छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय ताईक्वांडो मीट-2026 में पटना संभाग के खिलाड़ियों ने 16 स्वर्ण सहित कुल 35 पदक जीतकर अपनी धाक जमाई. बिहिया, भोजपुर के नवोदय विद्यालय के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण पदक जीतकर विशेष पहचान बनाई.
taekwondo meet: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय ताईक्वांडो मीट-2026 में नवोदय विद्यालय समिति, पटना संभाग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. पटना संभाग ने प्रतियोगिता में कुल 16 स्वर्ण, 10 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. पटना संभाग में बिहार के अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल के नवोदय विद्यालय भी शामिल हैं.
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बिहिया, भोजपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा. विद्यालय के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 18 पदक जीतने का दावा किया है.
स्वर्ण विजेताओं का SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
राष्ट्रीय ताईक्वांडो मीट में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन अब स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है. चयनित खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होने वाली SGFI प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे.
अंडर-14 बालक वर्ग की प्रतियोगिता नागालैंड में, अंडर-14 बालिका वर्ग की हिमाचल प्रदेश में, अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में तथा अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता रांची, झारखंड में आयोजित होगी.
डिंपल कुमारी को मिला ‘उत्कृष्ट खिलाड़ी’ का पुरस्कार
विद्यालय के लिए कक्षा 10 की छात्रा डिंपल कुमारी ने विशेष उपलब्धि हासिल की. उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘उत्कृष्ट खिलाड़ी’ का पुरस्कार जीता. इसके साथ ही उनका चयन भारतीय ताईक्वांडो टीम के लिए होने वाले ट्रायल के लिए भी हुआ है. उनकी इस उपलब्धि को भोजपुर जिले के लिए गौरव की बात बताया गया है.
ये खिलाड़ी बने स्वर्ण पदक विजेता
बिहिया जवाहर नवोदय विद्यालय के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों में सोनम चंद्रा (कक्षा 10), डिंपल कुमारी (कक्षा 10), संगिनी कुमारी (कक्षा 10), रोहिणी राज (कक्षा 10), सुप्रिया कुमारी (कक्षा 10), स्वाति कुमारी (कक्षा 9), मोहित कुमार (कक्षा 9), रजनी कांत (कक्षा 11), अंकू कुमार (कक्षा 8) और अनमोल कुमार (कक्षा 8) शामिल हैं.
नियमित प्रशिक्षण से मिली सफलता
खिलाड़ियों की इस सफलता में विद्यालय में संचालित नियमित ताईक्वांडो प्रशिक्षण कार्यक्रम की अहम भूमिका रही. खिलाड़ियों को प्रशिक्षक हर्ष उज्जवल और निखिल कुमार तथा टीम प्रबंधक हेमलता एन.एच. के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया गया. पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम प्राचार्य प्रभाष चन्द्र राय के निर्देशन में संचालित हुआ.
विद्यालय लौटने पर खिलाड़ियों का हुआ स्वागत
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम के विद्यालय लौटने पर प्राचार्य, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया. इस दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा.
प्राचार्य प्रभास चन्द्र राय ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और प्रशिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि विद्यालय के खिलाड़ी आगामी SGFI और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, समिति और बिहार का नाम रोशन करेंगे. उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं.
आरा में बाढ़ राहत कैंप पर हंगामा, एक्सपायरी दवा मिलने के आरोप के बाद सड़क जाम; जांच और कार्रवाई की मांग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए