आरा हॉस्पिटल कांड: महिला की मौत के बाद अस्पताल में छापेमारी, गांजा-कारतूस मिलने पर सील

Updated:
विज्ञापन
hospital

Arrah News: आर में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में चिकित्सक सहित चार लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की जांच के दौरान पुलिस को अस्पताल से गांजा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है, जिससे केस और गंभीर हो गया है.

विज्ञापन

Arrah News: आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी गैस एजेंसी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है. घटना के बाद परिजनों के बयान के आधार पर अस्पताल के डाक्टर सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. मृतका के पति सत्येंद्र यादव के आवेदन पर यह केस दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में अस्पताल के चिकित्सक मार्कंडेय सिंह के साथ-साथ स्टाफ बंटी कुमार, चंद्रकांत कुमार और धीरज कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है.

पैर के ऑपरेशन के दौरान बिगड़ी हालत

जानकारी के अनुसार, बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह चंद्रपुरा गांव निवासी सत्येंद्र यादव की पत्नी लखमुना देवी का 16 मई को गिरने के कारण पैर फ्रैक्चर हो गया था. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए शाहपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक्स-रे के बाद पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया और दवाएं दी गईं. कुछ दिनों बाद डाक्टर ने बताया कि मरीज के पैर में रॉड डालने के लिए ऑपरेशन जरूरी है. इसके बाद 27 मई को आरा के पकड़ी गैस एजेंसी रोड स्थित अस्पताल में ऑपरेशन की तारीख तय की गई. परिजनों के अनुसार, 26 मई को मरीज को अस्पताल बुलाया गया और 27 मई की शाम ऑपरेशन किया जाना था. ऑपरेशन के दौरान ही महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई.

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि चिकित्सक और उनके सहयोगियों की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई. परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन से पहले उचित तैयारी नहीं की गई थी और इलाज में गंभीर चूक हुई. महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया. गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू की.

अस्पताल से गांजा और कारतूस बरामद

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल परिसर में तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस को 19.27 ग्राम गांजा, एक जिंदा कारतूस, एक आधार कार्ड और एक वोटर आईडी कार्ड बरामद हुआ. बरामद दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने अस्पताल के स्टाफ चंद्रकांत कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अलग प्राथमिकी भी दर्ज की है. इस बरामदगी के बाद मामला और गंभीर हो गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अस्पताल में प्रतिबंधित सामग्री कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं.

इलाके में तनाव, प्रशासन सतर्क

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों में आक्रोश है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही विस्तृत खुलासा होने की उम्मीद है.

Also0 Read:कैमूर में सड़क किनारे धू-धू कर जली लावारिस बाइक, इलाके में फैली सनसनी; पुलिस जांच में जुटी

विज्ञापन
रागिनी शर्मा

लेखक के बारे में

By रागिनी शर्मा

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन