कोलकाता बंदरगाह से विराटनगर पहुंची पहली कार्गो रेल, भारत-नेपाल पारगमन समझौते को मिली नयी गति

फोटो- विराटनगर पहुंची कार्गो रेल. | Prabhat Khabar Network
कोलकाता बंदरगाह से भारत-नेपाल के बीच पहली कार्गो रेल सेवा शुरू हो गई है. यह मालगाड़ी विराटनगर सीमा शुल्क यार्ड पहुंची है. इस नई सेवा से पूर्वी नेपाल के उद्योगपतियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे व्यापारिक संपर्क मजबूत होगा.
India-Nepal Cargo Rail: जोगबनी (अररिया). भारत-नेपाल पारगमन समझौते के तहत कोलकाता बंदरगाह से विराटनगर सीमा शुल्क यार्ड के लिए पहली कार्गो रेल सोमवार दोपहर विराटनगर पहुंची. यह मालगाड़ी शुक्रवार को कोलकाता से रवाना हुई थी. इस सेवा की शुरुआत को भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
पहली खेप में पहुंचा आयातित कच्चा माल
पहली कार्गो रेल नेपाल की स्वास्तिक ऑयल इंडस्ट्रीज के लिए तीसरे देशों से आयातित कच्चा माल लेकर पहुंची. ट्रेन में 40 फीट के कई कंटेनर लदे थे. सभी कंटेनरों में इलेक्ट्रॉनिक कार्गो ट्रैकिंग सिस्टम (ECTS) लगाया गया है, जिससे माल की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
उद्योगपतियों को मिलेगा सीधा लाभ
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब पूर्वी नेपाल के उद्योगपतियों को तीसरे देशों से आयातित सामान भारतीय रेलवे के माध्यम से सीधे विराटनगर सीमा शुल्क कार्यालय तक मिलेगा. इससे माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा और परिवहन लागत में भी कमी आएगी. साथ ही बथनाहा में माल उतारने से होने वाली भीड़ और प्रदूषण की समस्या से भी राहत मिलेगी.
संयुक्त रूप से हुआ सेवा का शुभारंभ
इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन नेपाली वाणिज्य दूतावास, कोलकाता सीमा शुल्क विभाग, कोलकाता बंदरगाह और कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (CONCOR) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया. विराटनगर पहुंचने पर सीमा शुल्क कार्यालय के अधिकारियों और उद्योगपतियों ने पहली कार्गो रेल का स्वागत किया.
पहले प्रयास सफल नहीं हुए थे
India-Nepal Cargo Rail: इससे पहले बथनाहा से विराटनगर कस्टम यार्ड तक मालगाड़ी सेवा शुरू की गई थी, लेकिन वह नियमित रूप से संचालित नहीं हो सकी. अब नीतिगत और प्रक्रियात्मक समन्वय पूरा होने के बाद कोलकाता बंदरगाह से विराटनगर तक नियमित कार्गो रेल सेवा शुरू हो गई है. इसे पूर्वी नेपाल के व्यापार और औद्योगिक विकास के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुदीप भारती
सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










