राहुल की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिले सांसद प्रदीप सिंह, बोले- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे
फोटो : मृतक राहुल कुमार के परिजनों से मिलते अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह व अन्य | Prabhat Khabar Network
अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह भरगामा के रघुनाथपुर पहुंचे, जहां 18 वर्षीय राहुल कुमार का शव फंदे से लटका मिला था. सांसद ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई करेगी.
अररिया, भरगामा. भरगामा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-3 में 18 वर्षीय राहुल कुमार का शव फंदे से लटका मिलने के बाद शनिवार को अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. सांसद ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख जताया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
सुनसान घर में फंदे से लटका मिला था राहुल का शव
बताया गया कि शुक्रवार को सैफगंज-सुकेला मुख्य मार्ग के पश्चिमी किनारे स्थित टूनटून मेहता के सुनसान पड़े घर से राहुल कुमार का शव फंदे से लटका मिला था. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे.
मृतक के परिजनों ने राहुल की हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने की आशंका जतायी है. हालांकि, इस आशंका की अभी पुलिस जांच से पुष्टि नहीं हुई है.
सांसद बोले, जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा सच
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि घटना को लेकर वरीय पुलिस पदाधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी.
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. सांसद ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
पुलिस जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
सांसद के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान सांसद के साथ मंडल अध्यक्ष नित्यानंद मेहता, मंडल अध्यक्ष कौशल सिंह भदौरिया, मिथिलेश यादव, राजकुमार गुप्ता, सितांशु शेखर पिंटू, मंटू यादव, संजय मेहता, ललित झा, शशिकांत राय, रघुनंदन साह, सुमन सिंह, बालबोध शर्मा, सुशील शर्मा, चंदन सिंह, राकेश रंजन परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए