शिवांगी-ऋषिकेश की शादी: अनंत सिंह के घर पवन सिंह ने लगाया ठुमका, डिफेंडर से पहुंचे दूल्हा, जानिए ग्रैंड वेडिंग में क्या-क्या हुआ
शिवांगी और ऋषिकेश की शादी और पवन सिंह की तस्वीर
Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी ने ऋषिकेश के साथ सात फेरे लिए. दोनों की ग्रैंड वेडिंग की चर्चा खूब हुई. भोजपुरी कलाकर से लेकर बिहार की सियासत से जुड़े कई चर्चित चेहरे शादी में शामिल हुए.
Anant Singh Daughter Wedding: बाढ़ के नदमा गांव में बुधवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश के साथ हुई. इस शाही शादी को लेकर सुबह से ही मेहमानों का जुटान गांव में शुरू हो गया था. दिन चढ़ने के साथ लोगों की भीड़ भी बढ़ती चली गई. इस शादी की चर्चा सिर्फ बिहार नहीं बल्कि पूरे देश में हुई.
घुड़दौड़ बना मुख्य आकर्षण का केंद्र
शादी वाले दिन घुड़दौड़ मुख्य आकर्षण का केंद्र बना. घोड़े की रेस देखने के लिए भी दूर-दूर से लोग जमा हुए. इस दौरान नदमा गांव के पास यातायात व्यवस्था बेकाबू हो गई. दूसरी तरफ मोकामा विधायक अनंत सिंह भी इस शादी को लेकर काफी एक्टिव नजर आए. देर रात शादी की सभी रस्म निभाई गई.
बीच में स्थगित करना पड़ा घुड़दौड़
शादी को लेकर आयोजित घुड़दौड़ में क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण फाइनल रेस का आयोजन रुकवा दिया गया. घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला संभवतः गुरुवार को होगा. इस रेस में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई घुड़सवारों ने अपना जलवा दिखाया. 52 घोड़े पहुंचे थे. नदमा रोड और फोरलेन पर अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी में पहुंचने वाले लोगों और गाड़ियों की लाइन लग जाने के कारण पूरी यातायात व्यवस्था बाधित हो गई.
10 किमी तक लगा लंबा जाम
मिली जानकारी के अनुसार, 10 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया था. कई वीआईपी गेस्ट जाम में फंस गए थे. इसके साथ ही नेटवर्क भी ठप हो गया था. करीब 5 घंटे तक गाड़ियां धीरे-धीरे चलती रहीं और सामान्य दिनों की तुलना में बुधवार को फोरलेन की ट्रैफिक व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई. दिलचस्प बात यह है कि विधायक अनंत सिंह को भी शाही पंडाल से घोड़ा रेस के ग्राउंड में पहुंचने के लिए काफी समय लगा.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पवन सिंह समेत ये सभी नेता पहुंचे शादी में
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, उत्तर प्रदेश के विधायक दीपक राय, बाहुबली मुन्ना शुक्ला की पत्नी अन्नू शुक्ला सहित कई नेता शादी में शामिल हुए. भोजपुरी कलाकार और विधान पार्षद पवन सिंह भी शादी में पहुंचे. उन्होंने मंच से गाना गाकर शादी में पूरा रंग जमा दिया था.
डिफेंडर से दूल्हा और लैंड क्रूजर से दुल्हन पहुंची
मिली जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश अनंत सिंह की ओर से गिफ्ट किए गए 'डिफेंडर' से बारात लेकर पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ लगभग 200 गाड़ियों का काफिला था. दूसरी तरफ, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी ने लैंड क्रूजर से एंट्री ली. जयमाला के दौरान स्टेज पर काफी भीड़ जुट गई थी. दोनों का तालियां बजाकर मेहमानों ने स्वागत किया. जमकर पटाखे फोड़े गए.
एक बुजुर्ग की हुई मौत
नदमा गांव में घुड़दौड़ देखने आये एक अज्ञात बुजुर्ग की मौत भी हो गई. पुलिस ने बेहोशी की हालत में बुजुर्ग को बाढ़ के अनुमंडल अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया. करीब दो घंटे तक मृतक का शव व्हील चेयर पर इमरजेंसी वार्ड में पड़ा रहा. बुजुर्ग की मौत कैसे हुई यह पता नहीं चल पाया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए