टी20 ट्राई सीरीज में साउथ अफ्रीका की पहली जीत, जिम्बाब्वे को 7 विकेट से रौंदा; ब्रेविस ने मचाया धमाल
डेवाल्ड ब्रेविस (फोटो- सोशल मीडिया)
टी20 ट्राई सीरीज में साउथ अफ्रीका ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया है. जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराने के बाद टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है. युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस की विस्फोटक पारी जीत की हीरो रही.
South Africa vs Zimbabwe: टी20 ट्राई सीरीज में साउथ अफ्रीका ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया है. नामीबिया के खिलाफ शुरुआती मुकाबला गंवाने के बाद साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट में वापसी की और पॉइंट्स टेबल में भी शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. साउथ अफ्रीका की जीत के हीरो युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस रहे, जिन्होंने तूफानी नाबाद अर्धशतक जड़ा.
जिम्बाब्वे ने बनाए 144 रन
टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम को ब्रायन बेनेट और बेन करन ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच 45 रन की साझेदारी हुई. बेन करन 24 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद डियोन मायर्स 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
ब्रायन बेनेट भी 34 रन के स्कोर पर आउट हो गए. इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा सिर्फ 10 रन बना सके. लगातार विकेट गिरने से जिम्बाब्वे की पारी लड़खड़ा गई. तडिवनाशे मारुमानी ने 30 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी पारी भी ज्यादा देर नहीं चली. जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 144 रन बनाए. साउथ अफ्रीका की ओर से डुआन यानसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि प्रीनेलान सुब्रायेन को 2 सफलता मिली.
ये भी पढ़ें: जो रूट ने तोड़ा रिकी पोंटिंग का महारिकॉर्ड, घर पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बने
ब्रेविस ने 32 गेंद में मचाई तबाही
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका ने शुरुआत में अपने कुछ विकेट गंवाए. लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने 22 और जॉर्डन हरमन ने 20 रन बनाए. इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाल लिया. उन्होंने महज 32 गेंदों में नाबाद 75 रन की विस्फोटक पारी खेली. ब्रेविस की पारी में 7 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने लक्ष्य को सिर्फ 13.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस तरह साउथ अफ्रीका ने 38 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया.
पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका टॉप पर
इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका ट्राई सीरीज की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गया है. नामीबिया दूसरे और जिम्बाब्वे तीसरे स्थान पर है. नामीबिया के खिलाफ हार के बाद मिली यह जीत साउथ अफ्रीका के लिए काफी अहम है और टीम अब टूर्नामेंट में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है.
ये भी पढ़ें: स्टार स्पोर्ट्स और जियो हॉटस्टार पर नहीं देख पाएंगे एशिया कप के मैच, जानें कहां होगी भारत के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए