एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन बनाते ही स्मृति मंधाना रचेंगी इतिहास, सूजी बेट्स का टूटेगा ये रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना (फोटो- सोशल मीडिया)
स्मृति मंधाना महिला टी20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनने से सिर्फ 78 रन दूर हैं. एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ उनके पास यह बड़ा कीर्तिमान स्थापित करने का सुनहरा अवसर है.
Smriti Mandhana Needs 78 Runs to World Record: महिला एशिया कप 2026 में आज यानी शनिवार, 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आमने-सामने होंगी. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना की नजर सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलने पर नहीं होगी, बल्कि उनके पास एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी मौका है.
मंधाना पाकिस्तान के खिलाफ अगर 78 रन बना लेती हैं, तो वह न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सुजी बेट्स को पीछे छोड़कर महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी.
78 रन बनाते ही सूजी बेट्स को छोड़ेगी पीछे
स्मृति मंधाना के नाम फिलहाल 167 टी20I मैचों में 4681 रन हैं. वहीं, न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स ने 178 मैचों में 4758 रन बनाए हैं. यानी मंधाना को बेट्स का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 78 रन की जरूरत है. अगर पाकिस्तान के खिलाफ मंधाना यह आंकड़ा हासिल कर लेती हैं, तो महिला T20I क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड उनके नाम हो जाएगा.
महिला T20I में सबसे ज्यादा रन
| खिलाड़ी | रन |
| सुजी बेट्स | 4758 |
| स्मृति मंधाना | 4681 |
| हरमनप्रीत कौर | 4231 |
| चमारी अटापट्टू | 4094 |
| सोफी डिवाइन | 3817 |
हांगकांग के खिलाफ लगा चुकी हैं शतक
स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में हैं. महिला एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने 124 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली थी. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है. मंधाना अगर अपने उसी अंदाज को बरकरार रखती हैं, तो उनके पास एक ही मैच में महिला T20I की सबसे ज्यादा रन स्कोरर बनने का मौका है.
पाकिस्तान के खिलाफ कैसा है मंधाना का रिकॉर्ड?
पाकिस्तान के खिलाफ स्मृति मंधाना ने अब तक 11 T20I मैचों में 307 रन बनाए हैं. उनका औसत 30.70 का रहा है. ऐसे में एशिया कप के इस मुकाबले में मंधाना के बल्ले से निकलने वाली हर रन पर फैंस की नजर रहेगी. खासकर 78 रन का आंकड़ा पार करते ही उनका नाम महिला T20I क्रिकेट के इतिहास में सबसे ऊपर दर्ज हो जाएगा.
हरमनप्रीत कौर भी रचेंगी इतिहास
पाकिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए भी खास होगा. वह इस मैच में कप्तान के रूप में अपना 150वां टी20I मुकाबला खेलेंगी. हरमनप्रीत पहले ही पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर T20I में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं. अब पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ वह 150 T20I में कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी.
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ रिकॉर्ड पर नजर
भारत की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. दूसरी ओर पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला काफी अहम है. भारत का एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड भी शानदार रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले हुए हैं, जिसमें भारत ने छह में जीत दर्ज की है और पाकिस्तान को सिर्फ एक बार 2022 में जीत मिली थी.
ये भी पढ़ें: India vs Pakistan Women Asia Cup 2026: भारत-पाकिस्तान मैच से पहले जानिए किसका पलड़ा भारी?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए