शुभमन गिल-अभिषेक शर्मा भी पीछे, शेर-ए-पंजाब T20 लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी है सनवीर सिंह
गिल, सनवीर और अभिषेक शर्मा (फोटो—सोशल मीडिया)
शेर-ए-पंजाब T20 लीग 2026 का पहला सीजन 30 अगस्त से शुरू हो रहा है. इस लीग में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे बड़े भारतीय क्रिकेटर एक्शन में नज़र आएंगे. हालांकि, नीलामी में सबसे ज़्यादा कीमत ऑलराउंडर सनवीर सिंह को मिली, जो लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बने.
Sher-E-Punjab T20 League 2026: शेर-ए-पंजाब T20 लीग के पहले सीजन का आगाज 30 अगस्त से होने जा रहा है. पंजाब की इस नई टी20 लीग में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह जैसे बड़े नाम भी एक्शन में नजर आएंगे. लेकिन नीलामी में सबसे ज्यादा रकम किसी मार्की खिलाड़ी को नहीं, बल्कि ऑलराउंडर सनवीर सिंह को मिली.
13.20 लाख में बिके थे सनवीर
सनवीर सिंह को फाजिल्का फाल्कन्स ने नीलामी में 13.20 लाख रुपये में खरीदा. इस कीमत के साथ वह शेर-ए-पंजाब T20 लीग के नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ियों में सबसे ऊपर रहे. खास बात यह है कि छह मार्की खिलाड़ियों के लिए पहले से 10 लाख रुपये की तय कीमत रखी गई थी, लेकिन सनवीर पर उससे भी ज्यादा बोली लगी. अब सनवीर के सामने इस बड़ी कीमत को अपने प्रदर्शन से सही साबित करने की चुनौती होगी. उनके लिए यह मौका इसलिए भी खास है, क्योंकि फाजिल्का फाल्कन्स में उन्हें शुभमन गिल के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा.
गिल, अभिषेक और अर्शदीप भी होंगे एक्शन में
शेर-ए-पंजाब T20 लीग के पहले सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण पंजाब के स्टार क्रिकेटर होंगे. शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ छह अलग-अलग टीमों के मार्की खिलाड़ी हैं. इन सभी मार्की खिलाड़ियों के लिए 10 लाख रुपये की तय कीमत रखी गई थी. इस सीजन नमन धीर, अमृतसर सूरमास से तो अमोलप्रीत सिंह, मोहाली किंग्स की ओर से खेलेंगे.
ये भी पढ़ें: रविचंद्रन अश्विन ने चुने भारत के 16 महान क्रिकेटर, रोहित-कोहली और धोनी बाहर
छह टीमों के बीच होगी जंग
शेर-ए-पंजाब T20 लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें फाजिल्का फाल्कन्स, अमृतसर सूरमास, लुधियाना लायंस, जालंधर वॉरियर्स, मोहाली किंग्स और बठिंडा रॉयल्स शामिल हैं. टूर्नामेंट का पहला सीजन 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक खेला जाएगा. इसमें कुल 27 मुकाबले होंगे, जिनमें दो सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल हैं. सभी मुकाबले आईएस बिंद्रा स्टेडियम, मोहाली में खेले जाएंगे. अधिकतर दिनों में दो मुकाबले खेले जाएंगे. एक मैच दोपहर और दूसरा मुकाबला शाम को फ्लडलाइट्स में आयोजित किया जाएगा.
क्या है शेर-ए-पंजाब T20 लीग का मकसद?
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने इस लीग को राज्य के उभरते क्रिकेटरों के लिए बड़े मंच के तौर पर तैयार किया है. इसका उद्देश्य पंजाब के युवा खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर पर खेलने और स्थापित खिलाड़ियों के साथ अनुभव हासिल करने का मौका देना है. लीग में छह शहर आधारित फ्रेंचाइजी होंगी, जिनमें पंजाब के युवा और अनुभवी क्रिकेटरों का मिश्रण देखने को मिलेगा. इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: Duleep Trophy: 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी बने कप्तान, ईशान किशन के चोटिल होते ही संभाली ईस्ट जोन की कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए