रविचंद्रन अश्विन ने चुने भारत के 16 महान क्रिकेटर, रोहित-कोहली और धोनी बाहर
रविचंद्रन अश्विन (फोटो-सोशल मीडिया)
रविचंद्रन अश्विन ने भारत के 16 महानतम क्रिकेटरों की अपनी सूची जारी की है, जिसमें सचिन तेंदुलकर को सर्वकालिक महानतम चुना गया है. हालांकि, धोनी और कोहली जैसे दिग्गजों को बाहर करने के उनके फैसलों ने फैंस को हैरान कर दिया है.
Ashwin Top 16 Players : भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारत के 16 महानतम क्रिकेटरों के बीच अपनी पसंद का विजेता चुना, लेकिन उनके कई फैसलों ने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया. अश्विन ने जहां सचिन तेंदुलकर को भारत का सर्वकालिक महान क्रिकेटर चुना, वहीं रोहित शर्मा, विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे दिग्गजों को लेकर उनके फैसले चौंकाने वाले रहे. ईएसपीएनक्रिकइंफो के एक वीडियो में अश्विन को भारत के 16 सर्वकालिक महान क्रिकेटरों के बीच मुकाबला कराने का टास्क दिया गया था. इसमें राउंड ऑफ 16 से लेकर फाइनल तक हर मुकाबले में अश्विन को दो खिलाड़ियों में से एक को चुनना था.
राउंड ऑफ 16 में किसे चुना अश्विन ने?
राउंड ऑफ 16 में अश्विन ने सचिन तेंदुलकर को विजय हजारे, विराट कोहली को रोहित शर्मा, कपिल देव को हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग को सुनील गावस्कर से आगे चुना. वहीं, एमएस धोनी ने रवींद्र जडेजा को पीछे छोड़ा. हालांकि, जडेजा के साथ लंबे समय तक गेंदबाजी साझेदारी करने वाले अश्विन ने माना कि उन्हें अपने पुराने साथी को चुनने का काफी मन था. राहुल द्रविड़, जसप्रीत बुमराह और सौरव गांगुली भी अपनी-अपनी भिड़ंत जीतकर अगले दौर में पहुंचे. अश्विन ने इन मुकाबलों में क्रमशः वीनू मांकड़, अनिल कुंबले और खुद को पीछे रखा.
अश्विन की लिस्ट के क्वार्टर फाइनल में कौन पहुंचा?
क्वार्टर फाइनल में अश्विन ने सचिन तेंदुलकर को सौरव गांगुली के ऊपर चुना. वहीं, 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़कर सेमीफाइनल में जगह बनाई. बाकी दो मुकाबलों में अश्विन के फैसले और भी ज्यादा चर्चा में रहे. उन्होंने एमएस धोनी की जगह वीरेंद्र सहवाग को चुना. वहीं, विराट कोहली के ऊपर जसप्रीत बुमराह को जगह दी. यानी अश्विन की इस लिस्ट में भारत के दो सबसे बड़े आधुनिक बल्लेबाजों में शामिल विराट कोहली और रोहित शर्मा शुरुआती दौर में ही अलग-अलग पड़ गए, जबकि धोनी और कोहली आगे नहीं बढ़ सके.
ये भी पढ़ें: CPL 2026: सुनील नरेन का ऑलराउंड कमाल, 2 साल बाद जड़ा अर्धशतक; त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने 7 विकेट से जीता मैच
धोनी और कोहली को रखा बाहर
एमएस धोनी को वीरेंद्र सहवाग के खिलाफ बाहर करना इसलिए भी हैरान करने वाला फैसला था, क्योंकि धोनी ने भारत के लिए 17 हजार से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं. बतौर कप्तान उन्होंने भारत को तीनों प्रमुख आईसीसी ट्रॉफियां जिताईं और टेस्ट क्रिकेट में टीम को नंबर-1 रैंकिंग तक पहुंचाया. विराट कोहली का क्वार्टर फाइनल से बाहर होना भी किसी सरप्राइज से कम नहीं था. कोहली भारत के लिए 28 हजार से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बना चुके हैं और उनके नाम 80 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक हैं. वह भारतीय टीम के साथ कई बड़ी आईसीसी सफलताओं का हिस्सा भी रहे हैं. इसके बावजूद अश्विन ने कोहली के मुकाबले जसप्रीत बुमराह को चुना. यही फैसला उनकी पूरी लिस्ट को और ज्यादा चर्चा में ले आया.
ये भी पढ़ें: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद ETPL में दिख रहे ये 3 इंडियन स्टार प्लेयर्स, 2 ऑलराउंडर तो एक हैं बल्लेबाज
फाइनल में सचिन तेंदुलकर vs जसप्रीत बुमराह
सेमीफाइनल में अश्विन ने सचिन तेंदुलकर को वीरेंद्र सहवाग से आगे चुना. दूसरे सेमीफाइनल में जसप्रीत बुमराह ने कपिल देव को पीछे छोड़कर फाइनल में जगह बनाई. इस तरह फाइनल मुकाबला सचिन तेंदुलकर और जसप्रीत बुमराह के बीच हुआ. आखिर में अश्विन ने सचिन को विजेता चुना और उन्हें भारत का सर्वकालिक महान क्रिकेटर माना.
| मुकाबला | अश्विन की पसंद |
| सचिन तेंदुलकर vs विजय हजारे | सचिन तेंदुलकर |
| विराट कोहली vs रोहित शर्मा | विराट कोहली |
| कपिल देव vs हरभजन सिंह | कपिल देव |
| वीरेंद्र सहवाग vs सुनील गावस्कर | वीरेंद्र सहवाग |
| एमएस धोनी vs रवींद्र जडेजा | एमएस धोनी |
| राहुल द्रविड़ vs वीनू मांकड़ | राहुल द्रविड़ |
| जसप्रीत बुमराह vs अनिल कुंबले | जसप्रीत बुमराह |
| सौरव गांगुली vs रविचंद्रन अश्विन | सौरव गांगुली |
अश्विन ने सचिन तेंदुलकर को नंबर-1 चुना
सचिन तेंदुलकर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रिकॉर्ड ही उन्हें महानतम खिलाड़ियों की सूची में सबसे ऊपर रखने के लिए काफी है. सचिन ने भारत के लिए 34,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाए, जो क्रिकेट इतिहास में किसी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा रन हैं. टेस्ट क्रिकेट में सचिन ने 200 मैच खेले और 15,921 रन बनाए. उनके नाम 51 टेस्ट शतक हैं. वह टेस्ट क्रिकेट में 15 हजार रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज भी रहे.
वनडे क्रिकेट में भी सचिन के नाम कई ऐसे रिकॉर्ड हैं, जिन्हें तोड़ना आसान नहीं है. उन्होंने 18,426 रन और 49 शतक बनाए. साल 1998 में उन्होंने वनडे में 1,894 रन बनाए थे, जो एक कैलेंडर ईयर में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन हैं. इसी वजह से अश्विन के सामने जब भारत के महानतम क्रिकेटरों में से सिर्फ एक को चुनने की बारी आई, तो उनकी पसंद आखिरकार सचिन तेंदुलकर ही रहे.
ये भी पढ़ें: लिगामेंट टियर के बाद नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से हुए बाहर, 2026 का सीजन खत्म
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए