VIDEO: होटल में जा गिरी बॉल, 21 साल के पाकिस्तानी खिलाड़ी ने जड़ा गजब का छक्का
रजाउल्लाह (फोटो- सोशल मीडिया)
पाकिस्तान के 21 वर्षीय रजाउल्लाह खान ने अपने डेब्यू टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ तूफानी पारी खेली. उनकी एक गेंद सीधे होटल में जा गिरी, जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. उन्होंने 9 छक्के लगाकर टीम को संभाला.
Razaullah Khan Six Video: इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में पाकिस्तान भले ही सीरीज बचाने की लड़ाई लड़ रहा हो, लेकिन 21 साल के डेब्यूटेंट रजाउल्लाह खान ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मुकाबले में जान डाल दी. रजाउल्लाह ने अपनी पारी में 9 छक्के लगाए. इस दौरान उन्होंने एक छक्का लगाया कि जिसे देखकर कमेंटेटर भी हैरान रह गए. वो छक्का सीधे होटल में जाकर गिरी. इस छक्के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
रजाउल्लाह ने गेंद को होटल में पहुंचाया
रजाउल्लाह खान 75 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. इंग्लैंड के डैन लॉरेंस अपना पांचवां ओवर लेकर आए. ओवर की पहली ही गेंद पर रजाउल्लाह ने ऐसा शॉट मारा कि गेंद मैदान की सीमा पार करने के बाद सीधे होटल की तरफ जा पहुंची. गेंद को इतनी ऊंचाई और दूरी तक जाते देखकर कमेंट्री बॉक्स से लेकर मैदान तक हर कोई इस शॉट की चर्चा करने लगा.
रजाउल्लाह का यह छक्का उनकी 81 रन की तूफानी पारी का सबसे यादगार शॉट बन गया. हालांकि, इसी ओवर में लॉरेंस ने रजाउल्लाह को 81 रन के स्कोर पर स्टंप आउट कर दिया. यानी जिस ओवर की शुरुआत होटल में गेंद पहुंचने वाले छक्के से हुई, उसी ओवर में रजाउल्लाह की शानदार पारी भी खत्म हो गई.
ये भी पढ़ें: जब हार मानकर सो गई थी भारतीय टीम, जागी तो पाकिस्तान को कर दिया ढेर; बचाया था वनडे का सबसे छोटा स्कोर
9 छक्के, 63 गेंद और 81 रन
पाकिस्तान की पहली पारी सिर्फ 133 रन पर सिमट गई थी और टीम को फॉलोऑन खेलना पड़ा. दूसरी पारी में भी पाकिस्तान पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा था. ऐसे समय में नौवें नंबर पर उतरे रजाउल्लाह ने मैच का रुख बदलने वाली पारी खेल दी.
उन्होंने सिर्फ 63 गेंदों में 81 रन बनाए. उनकी पारी में 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे. उनका स्ट्राइक रेट 128.57 रहा. रजाउल्लाह ने मोहम्मद अब्बास के साथ मिलकर पाकिस्तान को संकट से बाहर निकाला और टीम को दूसरी पारी में 449 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
डेब्यू में ही बनाया बड़ा रिकॉर्ड
रजाउल्लाह की यह पारी इसलिए भी खास रही, क्योंकि टेस्ट डेब्यू में नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 9 छक्के लगाए. यह इस स्थान पर किसी बल्लेबाज के डेब्यू में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट डेब्यू में 9 छक्के लगाने के मामले में न्यूजीलैंड के टिम साउदी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. साउदी ने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में नाबाद 77 रन की पारी के दौरान 9 छक्के लगाए थे.
गेंद से भी किया कमाल
रजाउल्लाह सिर्फ बल्ले से ही नहीं, गेंद से भी पाकिस्तान के लिए प्रभावी रहे. उन्होंने मुकाबले में 4 विकेट अपने नाम किए, जिसमें इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट का विकेट भी शामिल रहा. जिस खिलाड़ी को कुछ समय पहले तक पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में शामिल किए जाने की जानकारी तक नहीं थी, उसने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट में बल्ले और गेंद दोनों से अपनी छाप छोड़ दी.
पाकिस्तान के सामने 130 रन की चुनौती
तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान की पहली पारी महज 133 रन पर सिमट गई. इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 453 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में दूसरी पारी में पाकिस्तान की टीम ने शानदार वापसी करते हुए 449 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 130 रन का लक्ष्य रहा. अब देखना होगा कि क्या पाकिस्तान इस स्कोर को बचाने में कामयाब हो पाता है या नहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए