अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की पहले बैटिंग, देखें दोनों टीमों की प्लेइंग 11
Published by : Ritu Raj Updated At : 06 Jun 2026 9:57 AM
दोनों टीमों के कप्तान ट्रॉफी के साथ
IND vs AFG: लगभग 8 महीने के लंबे ब्रेक के बाद भारतीय टीम वाइट जर्सी में मैदान पर उतर चुकी है. अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है.
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच आज से मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में इकलौता टेस्ट मैच शुरू हो चुका है। करीब 8 महीने के लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम टेस्ट फॉर्मेट में वापसी कर रही है. मैच की शुरुआत में टॉस की बाजी भारत के पक्ष में रही और कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी मानव सुथार को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला है. आइए, एक नज़र डालते हैं दोनों टीमों की प्लेइंग-11 पर.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल/साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
अफगानिस्तान- हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, अफसर जजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, कायस अहमद और बिलाल सामी.
कप्तान शुभमन गिल ने बताया पहले बैटिंग का कारण
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले की वजह साफ कर दी है। टॉस के वक्त गिल ने मुल्लांपुर के मौसम और पिच का मिजाज भांपते हुए कहा, “यहाँ का मौसम काफी गर्म और उमस भरा है। गर्मी के कारण पिच अभी थोड़ी सूखी नजर आ रही है, जिसके चलते समय बीतने के साथ यह विकेट और भी धीमा होता जाएगा।” गिल का यह फैसला साफ तौर पर चौथी पारी में बल्लेबाजी की चुनौती से बचने और पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करने की रणनीति को दर्शाता है।
शाहिदी बोले- हम भी पहले बैटिंग करते
टॉस हारने के बाद अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने कहा कि अगर वह टॉस जीतते, तो पहले बल्लेबाजी ही चुनते क्योंकि पिच काफी अच्छी दिख रही है। शाहिदी ने टेस्ट क्रिकेट खेलने के कम मौकों पर बात करते हुए कहा, “हमें इस फॉर्मेट में ज्यादा अवसर नहीं मिलते, लेकिन हमारी टीम इस बड़ी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। हम चुनौतियों का सामना करना पसंद करते हैं।” अपनी टीम के कॉम्बिनेशन पर बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि वे 3 तेज गेंदबाजों और 2 स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरे हैं। साथ ही, अफगानिस्तान के लिए इस मैच में युवा खिलाड़ी नांगियाल खारोटे अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं.
WTC का हिस्सा नहीं, फिर भी क्यों अहम है यह मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच का यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है. यानी इस मैच को जीतने या हारने से टीम इंडिया को पॉइंट्स टेबल पर कोई अंक नहीं मिलेगा. इसके बावजूद, आगामी बड़े टेस्ट सीजन की तैयारियों के लिहाज से यह मुकाबला बेहद अहम है. 8 महीने बाद टेस्ट फॉर्मेट में लौट रही भारतीय टीम के पास अपनी कमियों को सुधारने, खिलाड़ियों को लय में वापस लाने और एक परफेक्ट टीम कॉम्बिनेशन तैयार करने का यह सबसे शानदार मौका है. दोनों ही टीमें इस मुकाबले में अपनी प्लेइंग-11 के साथ एक मजबूत शुरुआत की उम्मीद में मैदान पर हैं.
यह भी पढ़े- महाराजा T20 ट्रॉफी ऑक्शन में बड़ा उलटफेर, टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल रहे अनसोल्ड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ritu Raj
प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










