नीदरलैंड्स से भिड़ेंगी भारत की पुरुष-महिला टीमें, हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल पर होगी नजरें
भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो—एक्स)
FIH हॉकी विश्व कप 2026 के दूसरे चरण में भारतीय पुरुष और महिला टीमों की कड़ी चुनौती है. दोनों टीमों का पहला मुकाबला ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स से होगा. जानिए आगे की राह.
FIH Hockey World Cup 2026: एफआईएच हॉकी विश्व कप बेल्जियम और नीदरलैंड्स 2026 के दूसरे चरण में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों के सामने मजबूत चुनौती है. दोनों टीमों की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले से होगी. खास बात यह है कि पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने वाली नीदरलैंड्स की टीम अपने घरेलू मैदान पर भारत के सामने होगी.
महिला टीम की पहली भिड़ंत नीदरलैंड्स से
भारतीय महिला टीम 21 अगस्त को दूसरे चरण के अपने अभियान की शुरुआत करेगी. एम्स्टेलवीन के वागेनर स्टेडियम में होने वाले पूल-ई के मुकाबले में भारत का सामना मेजबान नीदरलैंड्स से रात 9:30 बजे होगा. भारत ने पहले चरण में बिना कोई मुकाबला गंवाए दूसरे चरण में जगह बनाई. टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा. इससे पहले चीन के खिलाफ भी भारत ने अंक बांटे थे.चीन के खिलाफ ड्रॉ के कारण भारत और चीन दोनों के खाते में एक-एक अंक दूसरे चरण में पहुंचा है. अब दोनों टीमों की कोशिश पूल-ई में शीर्ष दो स्थानों में जगह बनाने की होगी, क्योंकि दूसरे चरण के पूल-ई और पूल-एफ से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.
ऑस्ट्रेलिया से भी होगी कड़ी टक्कर
नीदरलैंड्स के बाद भारतीय महिला टीम 23 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी. यह मुकाबला रात 10:30 बजे खेला जाएगा.अब तक भारतीय टीम ने आक्रमण और डिफेंस के बीच अच्छा संतुलन दिखाया है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6-1 की बड़ी जीत ने टीम की आक्रामक क्षमता दिखाई, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ गोल नहीं खाने से डिफेंस की मजबूती भी सामने आई.
पुरुष टीम भी नीदरलैंड्स से भिड़ेगी
भारतीय पुरुष टीम 22 अगस्त को दूसरे चरण का पहला मुकाबला खेलेगी. उसका सामना नीदरलैंड्स से शाम 7:30 बजे होगा. इसके बाद 24 अगस्त को भारत अर्जेंटीना के खिलाफ उतरेगा. यह मुकाबला शाम 6:15 बजे शुरू होगा.महिला टीम के विपरीत पुरुष टीम अपने साथ कोई अंक लेकर दूसरे चरण में नहीं पहुंची है. पूल-डी में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया था और वह अपने अंक के साथ अगले चरण में पहुंचा है.भारत ने पूल चरण में वेल्स को 3-1 से हराकर अभियान शुरू किया था. इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ 5-3 की जीत दर्ज कर दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले चरण में जगह बनाई.
Also Read: कुलदीप की फॉर्म पर स्पिन कोच बहूतुले को भरोसा, बोले- गॉल में हालात के हिसाब से बदला अपना अंदाज
पाकिस्तान पर जीत से बढ़ा आत्मविश्वास
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने आक्रामक हॉकी का शानदार प्रदर्शन किया. टीम ने मौके बनाने के साथ उन्हें गोल में बदलने में भी सफलता हासिल की और 5-3 से जीत दर्ज की. लेकिन दूसरे चरण में समीकरण बदल चुके हैं. अब भारत को नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीम के खिलाफ शुरुआत से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. तकनीकी रूप से मजबूत और रणनीतिक अनुशासन के लिए पहचानी जाने वाली डच टीम के खिलाफ छोटी सी गलती भी भारत पर भारी पड़ सकती है.
सेमीफाइनल की राह के लिए जीत जरूरी
भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों के सामने दूसरे चरण की शुरुआत में ही ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स की चुनौती है. ऐसे में दोनों मुकाबले भारतीय टीमों के लिए खुद को दुनिया की शीर्ष टीमों के सामने परखने का बड़ा मौका होंगे. दूसरे चरण में हर मुकाबले का नतीजा सेमीफाइनल की दौड़ पर सीधा असर डालेगा. ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मजबूत शुरुआत भारत के लिए आगे की राह आसान करने में अहम साबित हो सकती है.
Also Read:सलमान-रिजवान की गलती से पाकिस्तान ने गंवाया विकेट का मौका, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए