क्या मोहम्मद सिराज के साथ हो रही नाइंसाफी? प्लेइंग-11 से बाहर रखने पर BCCI उपाध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी
सिराज और BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला. फोटो—एक्स
मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 से बाहर रखने पर BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. जानिए उन्होंने क्या कहा है.
Mohammed Siraj Playing XI Controversy: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में मोहम्मद सिराज को भारतीय प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिलने के बाद क्रिकेट जगत में बहस छिड़ गई है. अनुभवी तेज गेंदबाज को बाहर रखने के फैसले पर पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने भी सवाल उठाए. अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले को विवाद का मुद्दा बनाने पर आपत्ति जताई है.
सिराज को प्लेइंग-11 से बाहर रखने पर क्या बोले राजीव शुक्ला?
राजीव शुक्ला ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि सिराज को लेकर किसी तरह का विवाद खड़ा करना ठीक नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सिराज भारतीय टीम का हिस्सा हैं और प्लेइंग-11 चुनने की जिम्मेदारी कोच और कप्तान की होती है.
शुक्ला ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि सिराज के इस मामले को किसी भी तरह के विवाद में घसीटना चाहिए. ऐसा करना ठीक नहीं है. वह टीम का हिस्सा हैं. इलेवन का चयन कोच और कप्तान को करना होता है. किसी खिलाड़ी को बेवजह इस तरह के विवाद में लाना सही नहीं है. इन सभी बातों को ध्यान में रखा जाता है.'
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: सिराज IN, प्रसिद्ध OUT? दूसरे टेस्ट मैच के लिए ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग-11
सिराज की जगह अंशुल कंबोज को मिला मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टेस्ट में भारतीय टीम ने चार तेज गेंदबाजों को प्लेइंग-11 में शामिल किया था. इनमें जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और युवा गेंदबाज अंशुल कंबोज शामिल थे. वहीं, 48 टेस्ट मैच खेल चुके मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ा.
खास बात यह रही कि अंशुल कंबोज के पास इस मुकाबले से पहले केवल एक टेस्ट मैच का अनुभव था. ऐसे में सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठे. सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री जैसे दिग्गजों ने भी इस चयन पर अपनी राय रखी थी.
720 रन बनाकर भी जीत नहीं सका भारत
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहली पारी में नौ विकेट के नुकसान पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की थी. इसके बावजूद टीम इंडिया जीत हासिल करने में नाकाम रही. न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा.
करीब 120 ओवर गेंदबाजी करने के बाद भी भारतीय टीम मेजबान न्यूजीलैंड के सिर्फ पांच विकेट ही गिरा सकी. न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 239 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ करा लिया.
ये भी पढ़ें: ICC Test Rankings: हैरी ब्रूक दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज, बुमराह की टॉप-2 में वापसी; देखें लिस्ट
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
