जिम्बाब्वे ने एकतरफा जीता मुकाबला, ओमान को 8 विकेट से मिली हार

Updated at : 09 Feb 2026 5:52 PM (IST)
विज्ञापन
ZIM vs OMAN Match Zimbabwe Won

ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा

ZIM vs OMAN: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे ने ओमान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है. कोलंबो में हुए इस मैच में ओमान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 103 रन पर ढेर हो गई. जवाब में जिम्बाब्वे ने ब्रायन बेनेट की 48 रन की नाबाद पारी के दम पर 13.3 ओवर में ही आसान जीत दर्ज की. कप्तान सिकंदर रजा ने चौका मारकर मैच खत्म किया.

विज्ञापन

ZIM vs OMAN: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में कोलंबो के मैदान पर जिम्बाब्वे और ओमान (Zimbabwe vs Oman) के बीच मुकाबला हुआ. इस मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी. रजा का यह फैसला सही साबित हुआ और ओमान की पूरी टीम 19.5 ओवर में 103 रन पर सिमट गई. ओमान की ओर से विनायक शुक्ला ने सबसे ज्यादा 28 रन की पारी खेली. वहीं जिम्बाब्वे ने इस मैच को 8 विकेट से जीतकर अपने नाम कर लिया. उन्होने 14 वें ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 104 रन के टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया.

ओमान के बल्लेबाजों का सरेंडर

ओमान की टीम शुरुआत से ही मुश्किल में नजर आई. कोलंबो की पिच पर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने लाइन और लेंथ पर पूरा कंट्रोल रखा. ओमान के बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे और नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाते रहे. हालात ये रहे कि पूरी टीम 20 ओवर का खेल भी पूरा नहीं कर सकी. कप्तान सिकंदर रजा की रणनीति के आगे ओमान का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा. पूरी टीम 103 रन के मामूली स्कोर पर ढेर हो गई, जिससे जिम्बाब्वे को जीत के लिए आसान लक्ष्य मिला.

विनायक शुक्ला ने दिखाई हिम्मत

जब ओमान के विकेट ताश के पत्तों की तरह गिर रहे थे, तब विनायक शुक्ला ने टीम को संभालने की कोशिश की. एक छोर पर डटे रहकर उन्होंने स्कोरबोर्ड को चलाने का जिम्मा उठाया. विनायक ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों का सामना किया और 28 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने चार शानदार चौके लगाए, जिससे ओमान के स्कोर में थोड़ा इजाफा हुआ. हालांकि, उनकी यह कोशिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. रिचर्ड गरावा ने उन्हें ब्रेंडन टेलर के हाथों कैच करवाकर उनकी पारी का अंत कर दिया. उनके आउट होते ही ओमान की वापसी की रही-सही उम्मीद भी खत्म हो गई.

जिम्बाब्वे की तेज शुरुआत और झटके

104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने तेज शुरुआत की. पारी की शुरुआत तदिवानाशे मरुमणि और ब्रायन बेनेट की जोड़ी ने की. मरुमणि ने आते ही आक्रमण शुरू कर दिया और सिर्फ 11 गेंदों में 21 रन बना डाले. लेकिन टीम का स्कोर 30 रन पहुंचते ही वह अपना विकेट गंवा बैठे. इसके बाद डियोन मायर्स क्रीज पर आए लेकिन वह बिना खाता खोले ही चलते बने. लगातार दो झटकों से लगा कि मैच में कुछ रोमांच आएगा, लेकिन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने संयम नहीं खोया.

बेनेट और टेलर ने दिलाई आसान जीत

दो विकेट गिरने के बाद अनुभवी ब्रेंडन टेलर और युवा ब्रायन बेनेट ने पारी को संभाला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई. ब्रेंडन टेलर ने 30 गेंदों में 31 रन बनाए, लेकिन वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए. इसके बाद भी ब्रायन बेनेट ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 48 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके शामिल थे. अंत में कप्तान सिकंदर रजा ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई. जिम्बाब्वे ने 13.3 ओवर में ही 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.

ये भी पढ़ें-

जिम्बाब्वे की तूफानी गेंदबाजी के आगे ओमान पस्त, 103 रन पर ढेर हुई टीम

भारत-पाक मैच पर पीसीबी का यू-टर्न, बांग्लादेश के बहाने आईसीसी से की अजीब मांग

299 पर खेल खत्म! रणजी ट्रॉफी में 88 साल में पहली बार हुआ ऐसा, बंगाल के सुदीप घरामी का टूटा दिल

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola