WPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 25 रनों से हराया, अंक तालिका में पहुंची टॉप पर

WPL 2024: Delhi Capitals vs Gujarat Giants
WPL 2024: महिला प्रीमियर लीग के रविवार के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 25 रनों से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही गुजरात की टीम अंक तालिका में मुंबई इंडियंस को पछाड़कर पहले नंबर पर पहुंच गई है.
बेंगलुरु : कप्तान मेग लैनिंग (55) के अर्धशतकीय पारी के बाद जोस जोनासन (22 रन पर चार विकेट) और राधा यादव (20 रन पर चार विकेट) की शानदार स्पिन गेंदबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (WPL 2024) मैच में गुजरात जायंट्स को 25 रन से शिकस्त दी. दिल्ली ने आठ विकेट पर 163 रन बनाने के बाद गुजरात की पारी को आठ विकेट पर 138 रन पर रोक दिया. दिल्ली की चार मैचों में यह तीसरी जीत है और टीम तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है. गुजरात की टीम को इतने ही मैच के बाद अब भी पहली जीत का इंतजार है.
WPL 2024: मेग लैनिंग ने जड़ा पचासा
मेग लैनिंग ने 41 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली. उन्हें एलिस कैपसी (17 गेंद में 37 रन) का अच्छा साथ मिला. प्लेयर ऑफ द मैच जोनासन ने गेंद से कमाल करने से पहले बल्ले से भी सात गेंद में 11 रन का योगदान दिया. गुजरात के लिए मेघना सिंह ने 37 रन देकर चार विकेट चटकाये. लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात के लिए एश्ली गार्डनर के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर करने में विफल रहा. गार्डनर ने 31 गेंद में 40 रन का योगदान दिया.
WPL 2024: दोनों टीमों ने किए थे दो बदलाव
दोनों टीमें इस मैच में दो-दो बदलाव के साथ उतरी. गुजरात ने चोटिल हरलीन देयोल और स्नेहा राणा की जगह तरन्नुम पठान और वेदा कृष्णमूर्ति को शामिल किया, जबकि दिल्ली ने तेज गेंदबाज मारिजाने काप और मीनू मणि को आराम दिया और एनाबेल सदरलैंड और तेज गेंदबाज टिटास साधु को टीम में शामिल किया. लक्ष्य का बचाव करते हुए टिटास ने पहला ओवर मेडन दिया तो वहीं दूसरे ओवर में शिखा पांडे (28 रन पर एक विकेट) ने लॉरा वुलफार्ट को खाता खोले बगैर पवेलियन की राह दिखायी.
WPL 2024: मैच में रहा दिल्ली का दबदबा
फोबे लिचफील्ड (10 गेंद में 15 रन) ने टिटास के खिलाफ छक्का और चौका जबकि कप्तान बेथ मूनी (14 गेंद में 12 रन) ने शिखा के खिलाफ तीन चौके जड़े. पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आयी जोनासन ने दोनों बल्लेबाजों को चलता कर मैच पर फिर से दिल्ली का दबदबा बना दिया. उन्होंने मूनी को पगबाधा किया जबकि लिचफील्ड सदरलैंड को कैच थमा बैठी. अरुंधति रेड्डी की गेंद पर राधा यादव ने वेदा कृष्णामूर्ति का आसान कैच टपका दिया. राधा ने हालांकि शिखा के हाथों उनकी 12 गेंद में 12 रन की पारी को खत्म किया.
WPL 2024: पहले बल्लेबाजी कर दिल्ली ने बनाए थे 163 रन
एश्ली गार्डनर ने अरुंधति के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर गुजरात की उम्मीदों को बनाये रखा. 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर चार विकेट पर 72 रन था. राधा ने अगले ओवर में ही कैथरीन ब्राइस (तीन रन) को पगबाधा कर दिया. जोनासेन ने गार्डनर को 15वें ओवर में स्टंप कराकर गुजरात की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया. गुजरात की टीम इसके बाद तेजी से रन नहीं बना सकी. पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद शेफाली वर्मा ने बायें हाथ की स्पिनर तनुजा कंवर के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर एक बार फिर दिल्ली को तेज शुरुआत दिलायी. उनकी पारी हालांकि लंबी नहीं चली। वह नौ गेंद में 13 रन बनाकर मेघना सिंह की गेंद पर आउट हो गयी.
WPL 2024: 25 रन से हारा गुजरात जायंट्स
लैनिंग को 30 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए कैप्सी के साथ 38 रन जबकि जेमिमा रोड्रिग्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर चलायमान रखा. कैपसी ने 17 गेंद की पारी में पांच चौके लगाये लेकिन जेमिमा 10 गेंद में सात रन ही बना सकी. जेमिमा की धीमी बल्लेबाजी के बीच लैनिंग ने ब्राइस के खिलाफ छक्का जड़ा. उन्होंने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. वह मेघना की गेंद पर दयालन हेमलता को कैच देकर पवेलियन लौटी. लैनिंग के आउट होने के बाद दिल्ली की रन गति पर अंकुश लगा. टीम 15.2 ओवर से 19.3 ओवर तक एक भी चौका लगाने में विफल रही. गुजरात के पास हालांकि दिल्ली को और कम स्कोर पर रोकने का मौका था लेकिन टीम ने लचर क्षेत्ररक्षण से कई कैच टपकाये.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




