भारत-पाक मैच पर सस्पेंस खत्म, लाहौर मीटिंग के बाद पीसीबी ने आईसीसी के सामने रखी 3 शर्तें

IND vs PAK Controversy: 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले पर चल रहा विवाद सुलझने की दिशा में है. आईसीसी के दबाव और श्रीलंका के अनुरोध के बाद पाकिस्तान खेलने को तैयार है, लेकिन पीसीबी ने रेवेन्यू शेयर और द्विपक्षीय सीरीज जैसी 3 बड़ी शर्तें सामने रखी हैं.
Highlights
IND vs PAK Controversy: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान (India vs Pakistan) मैच पर मंडरा रहे काले बादल अब छंटने लगे हैं. रविवार को लाहौर में हुई हाई-लेवल मीटिंग के बाद पाकिस्तान ने झुकने के संकेत दिए हैं. ICC की सख्ती और श्रीलंका के इमोशनल कार्ड के आगे अब PCB बैकफुट पर है.
लाहौर में हुई आर-पार की मीटिंग
रविवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आईसीसी, पीसीबी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच मैराथन बैठक हुई. आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा ने पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी को दो टूक कह दिया कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में मैच छोड़ने की जिद महंगी पड़ेगी. अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलता है, तो उस पर भारी जुर्माना और बैन भी लग सकता है.
श्रीलंका ने चला ‘इमोशनल कार्ड’
इस विवाद को सुलझाने में सह-मेजबान श्रीलंका की भूमिका सबसे अहम रही. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान को पुरानी यादें ताजा कराते हुए एक लेटर लिखा. इसमें कहा गया कि जब पाकिस्तान में कोई टीम नहीं जाती थी, तब श्रीलंका ने वहां जाकर क्रिकेट की बहाली में मदद की थी. श्रीलंका ने साफ कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से उनके देश के पर्यटन और होटल कारोबार को करोड़ों का चूना लगेगा.
पाकिस्तान की 3 बड़ी शर्तें
ICC के दबाव के बाद पाकिस्तान मैच खेलने को तैयार तो है, लेकिन उसने तीन शर्तें मेज पर रख दी.
- ज्यादा पैसा: ICC के रेवेन्यू शेयर में पाकिस्तान अपना हिस्सा बढ़ाना चाहता है.
- भारत से सीरीज: PCB चाहता है कि आईसीसी, बीसीसीआई पर दबाव बनाए ताकि 2013 से बंद पड़ी द्विपक्षीय सीरीज फिर शुरू हो सके.
- हैंडशेक प्रोटोकॉल: मैदान पर खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाना अनिवार्य किया जाए, जिसे ICC फिलहाल टीमों का निजी फैसला मानता है.
बांग्लादेश कनेक्शन और विवाद की वजह
यह सारा बवाल तब शुरू हुआ था जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया. पाकिस्तान ने बांग्लादेश का साथ देने के लिए भारत के खिलाफ मैच न खेलने की धमकी दी थी. अब बीसीबी चीफ अमीनुल इस्लाम की मौजूदगी इशारा कर रही है कि बांग्लादेश भी अपनी वापसी या मुआवजे को लेकर बीच का रास्ता तलाश रहा है.
सोमवार को होगा आखिरी फैसला
आईसीसी ने पाकिस्तान के ‘Force Majeure’ वाले तर्क को यह कहकर खारिज कर दिया कि यह सुरक्षा का नहीं बल्कि राजनीतिक मुद्दा है. अब पाकिस्तान को सोमवार, 10 फरवरी तक अपना अंतिम स्टैंड साफ करना है. क्रिकेट फैंस की नजरें अब कल होने वाले आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें-
स्कॉटलैंड के खिलाफ इटली ने जीता टॉस, पहले चुनी बॉलिंग, देखें दोनों की प्लेइंग XI
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










