468 दिन… 14 महीने, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खत्म किया रनों का सूखा, टीम इंडिया को दिलाई जीत

Suryakumar Yadav Fifty: भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से आखिरकार रन निकल ही आए. पूरे 468 दिन के इंतजार के बाद सूर्यकुमार टी20 इंटरनेशनल मैच में फिफ्टी लगाई. यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि टीम इंडिया 209 रन के बड़े टारगेट का पीछा कर रही थी और शुरुआत बेहद खराब हुई थी. सूर्या ने न सिर्फ अपना अर्धशतक पूरा किया, बल्कि टीम को जीत भी दिलाई.
Suryakumar Yadav Fifty: सूर्यकुमार यादव के लिए यह मैच किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था. सूर्या के बल्ले से पिछले लगभग 14 महीने यानी पिछले 468 दिनों से टी20 इंटरनेशनल में कोई भी फिफ्टी नहीं आई थी. इससे पहले उन्होंने 12 अक्टूबर, 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में 75 रन की पारी खेली थी. उसके बाद से उनका बल्ला खामोश था, लेकिन इस मैच में उन्होंने सारी कसर पूरी कर दी. कप्तान ने सिर्फ 23 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की.
ईशान के साथ पार्टनरशिप
जब सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे, तो भारतीय टीम मुश्किल में थी. स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 6 रन का स्कोर था और टीम के 2 विकेट गिर चुके थे. जीत के लिए 209 रन का बड़ा टारगेट सामने था. ऐसे में सूर्या ने समझदारी दिखाई. उन्होंने दूसरे छोर पर आतिशी बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन का साथ दिया और एंकर की भूमिका निभाई.
सूर्या ने अपनी पारी की शुरुआत बहुत सधे हुए अंदाज में की. पहली 10 गेंदों में उन्होंने केवल 10 रन बनाए. लेकिन एक बार आंखें जमने के बाद, अगली 13 गेंदों में उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. सूर्या और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में शतकीय साझेदारी हुई. इस 122 रन की साझेदारी में सूर्या ने 39 रन का योगदान दिया जबकि ईशान ने 76 रन जोड़े.
फिफ्टी के बाद भी सूर्या रहे आक्रामक
फिफ्टी पूरी करने के बाद सूर्यकुमार यादव रुके नहीं, बल्कि और भी ज्यादा आक्रामक हो गए. उन्होंने 221.62 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और अंत तक नाबाद रहे. सूर्या ने कुल 37 गेंदों का सामना किया और 82 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए. कप्तान की इसी पारी के चलते टीम इंडिया यह मैच 7 विकेट से जीत गई. जब वो पवेलियन वापस लौटे तो उनके चेहरे पर एक विजेता की मुस्कान थी.
पाकिस्तान का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा
सूर्यकुमार यादव की इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. भारत अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेजी से 200 से ज्यादा रन के टारगेट को हासिल करने वाला देश बन गया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था, जिसने न्यूजीलैंड के खिलाफ 16.1 ओवर में 205 रन का लक्ष्य हासिल किया था. लेकिन टीम इंडिया ने रायपुर में कीवी टीम के खिलाफ यह कारनामा करके इतिहास रच दिया.
ये भी पढ़ें-
झारखंड के लाल ईशान किशन का रायपुर में कमाल, लगाई फिफ्टी, तोड़ा अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड
IND vs NZ 2nd T20: ईशान-सूर्या की फिफ्टी, रायपुर में टीम इंडिया की 7 विकेट से जीत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










