NZ vs PAK: न्यूजीलैंड ने रद्द की पाकिस्तान के साथ सीरीज, आज होने वाला था पहला वनडे मैच

NZ vs PAK Match: न्यूजीलैंड के खिलाड़ी बिना मैच खेले ही स्वदेश लौट जायेंगे. ऐसी खबरें आयी थीं कि न्यूजीलैंड के साथ मैच के दौरान आतंकी हमला हो सकता है.
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया है. आज पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड का पहला मैच रावलपिंडी में होना था. मैच से कुछ ही समय पहले सुरक्षा कारणों से न्यूजीलैंड ने सीरीज रद्द करने की घोषणा कर दी. अब न्यूजीलैंड के खिलाड़ी बिना मैच खेले ही स्वदेश लौट जायेंगे. ऐसी खबरें आयी थीं कि न्यूजीलैंड के साथ मैच के दौरान आतंकी हमला हो सकता है.
पीटीआई की खबर के मुताबिक समस्या तब शुरू हुई जब सीमित ओवरों की श्रृंखला का पहला वनडे रावलपिंडी स्टेडियम में शुक्रवार को समय पर शुरू नहीं हुआ और दोनों टीमें होटल के अपने कमरों में ही रही. इसके बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट ने बयान जारी करके कहा कि उन्हें जो सलाह मिल रही थी उसे देखते हुए दौरा जारी रखना संभव नहीं है.
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि यह पीसीबी के लिए करारा झटका होगा जो कि शानदार मेजबान रहा है लेकिन खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और हमारा मानना है कि इसके लिए यही जिम्मेदारी भरा विकल्प है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी तरफ से कहा कि न्यूजीलैंड ने श्रृंखला स्थगित करने का एकतरफा फैसला किया. पीसीबी ने बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान सरकार सभी मेहमान टीमों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करती है. हमने न्यूजीलैंड क्रिकेट को भी इसका आश्वासन दिया था.
उसने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने व्यक्तिगत स्तर पर न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न से बात की और उन्हें बताया कि हमारे पास दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खुफिया प्रणाली है और मेहमान टीम के लिए किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है. यह न्यूजीलैंड का पिछले 18 वर्षों में पाकिस्तान का पहला दौरा था. इस श्रृंखला में तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने थे.
Also Read: ICC T-20 World Cup के बाद रवि शास्त्री देंगे चीफ कोच से इस्तीफा! जानें किसे मिलेगी नयी जिम्मेदारी
इससे पहले 2002 में भी न्यूजीलैंड ने कराची में टीम होटल के बाहर बम विस्फोट के बाद दौरा बीच में रद्द कर दिया था. न्यूजीलैंड क्रिकेट खिलाड़ी संघ के मुख्य कार्यकारी हीथ मिल्स ने कहा कि खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ हित में दौरा रद्द करने का फैसला किया गया. मिल्स ने कहा कि खिलाड़ी सुरक्षित हैं और प्रत्येक अपने सर्वश्रेष्ठ हितों में काम कर रहा है. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सुरक्षा खतरों के बारे में विस्तार से नहीं बतायेगा और न ही टीम की वापसी के लिए की जा रही व्यवस्था पर टिप्पणी करेगा.
Posted By: Amlesh Nandan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




