INDW vs AUSW: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सुपर ओवर में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज किया बराबर
Published by : Agency Updated At : 11 Dec 2022 11:22 PM
भारतीय महिला टीम ने एक रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में बराबरी कर ली है. मैच का फैसला सुपर ओवर से हुआ. पहली बार सुपर ओवर खेल रही भारतीय महिला टीम ने इसे जीत लिया और ऑस्ट्रेलिया के पिछले 16 मैच से चले आ रहे विजय अभियान को रोक दिया.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को यहां रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया को सुपर ओवर में हराकर पांच मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली. भारत ने इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के पिछले 16 टी20 मैच के विजयी अभियान पर भी रोक लगा दी. ऑस्ट्रेलिया की 2022 में किसी भी प्रारूप में यह पहली हार है.

ऑस्ट्रेलिया के 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने स्मृति मंधाना (79) के अर्धशतक और शेफाली वर्मा (34) के साथ उनकी पहले विकेट की 76 तथा कप्तान हरमनप्रीत कौर (21) के साथ तीसरे विकेट की 61 रन की साझेदारी से पांच विकेट पर 187 रन बनाये. रिचा घोष (13 गेंद में नाबाद 26 रन, तीन छक्के) और देविका वैद्य (पांच गेंद में नाबाद 11 रन, दो चौके) ने अंत में मैच टाई कराने में अहम भूमिका निभायी.

ऑस्ट्रेलिया की ओर से पदार्पण कर रही हीथर ग्राहम ने 22 रन देकर तीन विकेट चटकाये. ऑस्ट्रेलिया ने सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी (नाबाद 82) और ताहलिया मैकग्रा (नाबाद 70) के अर्धशतक तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट की 158 रन की रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी से एक विकेट पर 187 रन बनाये. मूनी ने 54 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके जड़े जबकि ताहलिया ने 51 गेंद की अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का मारा.

भारत ने इतिहास के अपने पहले सुपर ओवर में रिचा और स्मृति के साथ आगाज किया. रिचा ने हीथर के पहली गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर उन्हीं को कैच दे बैठीं. स्मृति ने चौथी गेंद पर चौका और फिर अगली गेंद पर छक्का मारा. अंतिम गेंद पर तीन रन से भारत ने 20 रन बनाये. भारत ने गेंदबाजी के लिए रेणुका सिंह को चुना. ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान एलिसा हीली और एशलेग गार्डनर को उतारा.

हीली ने पहली गेंद चौका मारा लेकिन अगली गेंद पर रेणुका ने उन्हें रन आउट करने का मौका गंवा दिया. तीसरी गेंद पर एशलेग ने लांग ऑफ पर राधा यादव को कैच थमाया. ताहलिया अगली गेंद पर एक रन ही बना सकी. अंतिम दो गेंद पर एलिसा ने 10 रन बनाये लेकिन ऑस्ट्रेलिया 16 रन ही बना सका और भारत ने जीत दर्ज की. मूनी और ताहलिया की साझेदारी भारत के खिलाफ किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी होने के अलावा ऑस्ट्रेलिया की ओर से भी किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है. मूनी और ताहलिया की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की टीम अंतिम 11 ओवर में 118 रन जोड़ने में सफल रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










