बुमराह बनाम एलन-सीफर्ट: क्या जस्सी रोक पाएंगे कीवी ओपनर्स का तूफान

जसप्रीत बुमराह बनाम फिन एलन और टिम सीफर्ट
IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की भिड़ंत अहमदाबाद में होगी. भारत तीसरी बार चैंपियन बनना चाहेगा. इस मैच में सबसे बड़ी जंग भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और न्यूजीलैंड के खतरनाक ओपनर फिन एलन और टिम सीफर्ट के बीच देखने को मिलेगी.
Highlights
IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा. यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया अपने घर में वर्ल्ड कप का ताज बचाने उतरेगी. अगर भारत जीतता है, तो यह उसका तीसरा टी20 वर्ल्ड कप होगा. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में अपना पहला वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी. इस मैच में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और न्यूजीलैंड के ओपनर फिन एलन (Finn Allen) और टिम सीफर्ट (Tim Seifert) के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी.
खतरनाक हैं कीवी ओपनर्स की जोड़ी
न्यूजीलैंड के दोनों ओपनर फिन एलन और टिम सीफर्ट ने मिलकर इस वर्ल्ड कप में 463 रन जोड़े हैं. यह किसी भी ओपनिंग जोड़ी द्वारा एक टी20 वर्ल्ड कप में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है. इन दोनों ने 10.93 के रन रेट से रन बटोरे हैं. फिन एलन इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं. उन्होंने सात पारियों में 57.20 की औसत से 289 रन जुटाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 203 से ज्यादा का है. उन्होंने अब तक 142 गेंद खेलकर 24 चौके और 20 छक्के लगाए हैं. सेमीफाइनल में एलन ने दक्षिण अफ्रीका के सामने सिर्फ 33 गेंद में शतक बना दिया था. यह टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज शतक है.
टिम सीफर्ट का बल्ला उगल रहा रन
टिम सीफर्ट भी रन बनाने के मामले में पीछे नहीं हैं. वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले छठे बल्लेबाज हैं. उन्होंने अब तक 45.66 की औसत से 274 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 161 से ऊपर रहा है. सीफर्ट ने 173 गेंद का सामना करते हुए तीन अर्धशतक, 32 चौके और 11 छक्के लगाए हैं. दोनों ही बल्लेबाज पहली गेंद से ही लंबे शॉट खेलने में माहिर हैं और भारतीय गेंदबाजों के लिए एक मुश्किल चुनौती साबित हो सकते हैं. भारत को यह मैच जीतने के लिए इन दोनों बल्लेबाजों को जल्दी आउट करना होगा.
भारत के सामने सीफर्ट का शानदार रिकॉर्ड
टी20 क्रिकेट में भारत के सामने टिम सीफर्ट का रिकॉर्ड बहुत अच्छा है. भारत के सामने खेलते हुए वह न्यूजीलैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 15 पारियों में 32.69 की औसत और 148.60 के स्ट्राइक रेट से 425 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं. वह कॉलिन मुनरो (426 रन) का रिकॉर्ड पार करने से सिर्फ दो रन दूर हैं. अगर वह दो रन और बना लेते हैं, तो भारत के सामने सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कीवी बल्लेबाज बन जाएंगे.
बुमराह पर होंगी टीम इंडिया की उम्मीदें
न्यूजीलैंड के इन दोनों ओपनर को रोकने की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह पर होगी. पावरप्ले में बुमराह ने अब तक पांच विकेट हासिल किए हैं और सिर्फ 6.22 की इकॉनमी से रन दिए हैं. इस पूरे वर्ल्ड कप के सात मैचों में उन्होंने 15.90 की औसत से 10 विकेट लिए हैं. इंग्लैंड के सामने पिछले मैच में भी उन्होंने 33 रन देकर एक विकेट लिया था.
अहमदाबाद के मैदान पर तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है. इस वर्ल्ड कप में यहां 71 प्रतिशत विकेट तेज गेंदबाजों ने ही लिए हैं. इस मैदान पर बुमराह का रिकॉर्ड भी बेहतरीन है. यहां खेले गए आठ मैचों में उन्होंने 5.67 की किफायती इकॉनमी से 10 विकेट हासिल किए हैं. ऐसे में भारत की जीत काफी हद तक बुमराह के प्रदर्शन पर तय होगी.
ये भी पढ़ें-
फाइनल में दिखेगा माही वे! टीम इंडिया को सपोर्ट करने अहमदाबाद पहुंचे कैप्टन कूल
क्या वरुण चक्रवर्ती होंगे प्लेइंग 11 से बाहर? आंकड़ों से जानते हैं कैसे कुलदीप को मिल सकता है मौका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




