ePaper

आईसीसी बदलने वाला है यह नियम, गेंदबाजों की हो जाएगी बल्ले-बल्ले, बल्लेबाजों को रहना होगा सतर्क

Updated at : 11 Jan 2025 3:16 PM (IST)
विज्ञापन
Umpire Giving Wide Sign

Umpire Giving Wide Sign

ICC: आईसीसी के क्रिकेट समिति के सदस्य शॉन पोलॉक ने कहा है कि ICC जल्द ही वाइड गेंद के संबंध में बड़ा बदलाव करने वाला है. Shaun Pollock on ICC Rules

विज्ञापन

ICC: दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान शॉन पोलाक ने कहा कि आईसीसी क्रिकेट समिति गेंदबाजों को वाइड पर थोड़ी अधिक छूट देने की दिशा में काम कर रही है. क्योंकि मौजूदा नियम उन पर बहुत सख्त है, विशेषकर तब जबकि बल्लेबाज आखिरी क्षणों में मूवमेंट करते हैं. वनडे और टी-20 में, बल्लेबाज गेंदबाज की लाइन और लेंथ को बिगाड़ने के लिए क्रीज पर अंतिम पलों में मूवमेंट करते हैं जिससे अक्सर गेंद वाइड हो जाती है.

पोलाक ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, “मैं आईसीसी क्रिकेट समिति का हिस्सा हूं और हम वाइड गेंद पर गेंदबाजों के लिए कुछ और छूट लाने पर विचार कर रहे हैं. मुझे लगता है कि इसको लेकर नियम गेंदबाजों के प्रति बहुत सख्त हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई बल्लेबाज आखिरी मिनट में उछलता है, तो यह वास्तव में गेंदबाजों के लिए आदर्श स्थिति नहीं होती है. मुझे लगता है कि एक गेंदबाज को अपने रन अप की शुरुआत में यह जानना जरूरी है कि वह कहां गेंदबाजी कर सकता है.’’

गेंदबाज को पता होना चाहिए कब, क्यों या कैसी गेंद करनी है

पोलाक ने कहा, ‘‘मौजूदा नियमों के अनुसार अगर गेंदबाज के गेंद छोड़ने से तुरंत पहले बल्लेबाज अपनी जगह बदलता है तो इससे गेंद वाइड दे दी जाती है. मैं इस नियम में थोड़ा बदलाव चाहता हूं.’’ 51 वर्षीय ऑलराउंडर ने कहा कि गेंदबाजों को रनअप के समय पता होना चाहिए कि उसे कहां गेंदबाजी करनी है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि एक गेंदबाज को रनअप के समय पता होना चाहिए कि उसे कब, क्यों या कैसी गेंद करनी है. एक गेंदबाज से यह उम्मीद कैसे की जा सकती है कि वह गेंदबाजी करते समय आखिरी सेकंड में अपनी रणनीति बदल देगा. उसे पहले ही स्पष्ट रूप से पता होना चाहिए कि उसे कहां गेंदबाजी करनी है. यह मुख्य पहलू है जिस पर हम चर्चा कर रहे हैं.’’

साउथ अफ्रीका भारतीय उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से है परिचित

द. अफ्रीका ने हाल के दिनों में क्रिकेट में काफी शानदार खेल दिखाया है. उसने पहली बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है. पोलाक ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका को आगामी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में अपने खिलाड़ियों के अनुभव का लाभ उठाना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम में अधिकतर वही खिलाड़ी शामिल हैं जो (वनडे) विश्व कप (2023) में खेले थे, जहां हम सेमीफाइनल में पहुंचे थे और ऑस्ट्रेलिया से हार गए थे.’’ 

द. अफ्रीका को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में न्यूजीलैंड के साथ ट्राई नेशन सीरीज भी खेलनी है. पोलाक ने कहा, ‘‘हमारी टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो आईपीएल में खेलते रहे हैं और उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से अच्छी तरह से अवगत हैं. इससे दक्षिण अफ्रीका को मदद मिल सकती है. हमारी टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना चुकी है और उम्मीद है कि कुछ युवा खिलाड़ी सामने आएंगे. इससे हमारी टेस्ट क्रिकेट को मजबूती मिलेगी.’’ द. अफ्रीका चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप बी में है और वह अपना पहला मैच 21 फरवरी को अफगानिस्तान से खेलेगा. 

जिस खिलाड़ी को शेख हसीना मनाकर लाईं, चैंपियंस ट्रॉफी से पहले कर दिया संन्यास का ऐलान

90 लाख का ‘कैच’, दर्शक ने एक हाथ से रचा इतिहास, SA20 लीग में सासें रोक देने वाला रोमांच

यह खबर न्यूज एजेंसी भाषा से ली गई है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola