रोहित-कोहली के भविष्य पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी, 2027 वर्ल्ड कप को लेकर क्या है बोर्ड का प्लान?
विराट कोहली और रोहित शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
2027 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली की जगह को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं. इस बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है, लेकिन टीम की रणनीति को सार्वजनिक करने से साफ इनकार कर दिया.
Rohit Sharma-Virat Kohli: भारत के 2027 वनडे विश्व कप अभियान को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, लेकिन टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की भूमिका को लेकर तस्वीर अभी भी साफ नहीं है. इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने दोनों खिलाड़ियों के भविष्य पर बड़ा बयान दिया है.
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में सैकिया ने कहा कि 2027 विश्व कप के लिए बोर्ड के स्तर पर लगातार योजना बनाई जा रही है, लेकिन इन रणनीतिक चर्चाओं को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम से जुड़े अहम फैसले बंद कमरे में सभी हितधारकों की सहमति से लिए जाते हैं.
सिर्फ वनडे खेल रहे हैं रोहित और विराट
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब केवल वनडे प्रारूप में खेल रहे हैं. ऐसे में 2027 विश्व कप में उनके खेलने की संभावना को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. हालांकि चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर भी इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिए हैं.
रोहित और कोहली की भविष्य को लेकर क्या चर्चा हुई है?
जब सैकिया से पूछा गया कि क्या बोर्ड के भीतर रोहित और कोहली के भविष्य को लेकर चर्चा हुई है, तो उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों के बीच लगातार संवाद बना हुआ है. उनके मुताबिक चयनकर्ता, क्रिकेट समिति, कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ी नियमित रूप से बातचीत करते रहते हैं और यही प्रक्रिया आगे की योजनाओं का आधार बनती है.
बोर्डरूम में होने वाली चर्चाओं का खुलासा नहीं करेंगे
सैकिया ने कहा, “हमारे पास एक व्यवस्थित ढांचा है और कई विशेषज्ञ इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं. सभी हितधारकों की राय को ध्यान में रखकर फैसले लिए जाते हैं. यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है.” हालांकि बीसीसीआई सचिव ने यह भी साफ कर दिया कि वह बोर्डरूम में होने वाली चर्चाओं का खुलासा नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि ऐसी रणनीतिक बातें सार्वजनिक मंच पर साझा नहीं की जा सकतीं और उन्हें गोपनीय ही रखा जाना चाहिए.
बांग्लादेश दौरे पर भी दिया जवाब
बांग्लादेश के संभावित सीमित ओवरों के दौरे को लेकर भी सैकिया ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस मामले में बीसीसीआई भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करेगा. गौरतलब है कि पिछले साल राजनीतिक अस्थिरता के कारण भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा नहीं हो सका था.
हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को तमीम इकबाल के रूप में नया अध्यक्ष मिला है और वह भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों को फिर से मजबूत करने के इच्छुक हैं. इस पर सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई एक खेल संस्था है और वह अंतरराष्ट्रीय दौरों एवं प्रतियोगिताओं को लेकर भारत सरकार की नीतियों के अनुरूप ही निर्णय लेता है.
यह भी पढ़ें: विराट कोहली इंग्लैंड दौरे पर खेलेंगे या नहीं? BCCI ने दिया बड़ा अपडेट, जानें कब होगा टीम इंडिया का ऐलान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए