Asia Cup 2023: भारत और पाकिस्तान का मैच रद्द, बारिश में धुला महामुकाबला, देखें Photos

Pakistan's and India's players great each others after the Asia Cup cricket match between India and Pakistan was called off due to rain in Pallekele, Sri Lanka on Saturday, Sep. 2. AP/PTI(AP09_02_2023_000312B)
हार्दिक पंड्या और ईशान किशन ने शाहीन शाह अफरीदी के दिए शुरुआती झटकों से भारतीय पारी को उबारा लेकिन बारिश के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को एशिया कप का मैच रद्द हो गया और दोनों टीमों ने अंक बांटे. ईशान ने 81 गेंद में 82 और पंड्या ने 90 गेंद में 87 रन बनाए.

एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने खराब शुरुआत के बावजूद पाकिस्तान को जीत के लिए 267 रनों का लक्ष्य दिया था. ईशान किशन ने 82 और हार्दिक पांड्या ने 87 रनों की बेहतरीन पारियां खेली.

दोनों ने पांचवें विकेट के लिये 141 गेंद में 138 रन की साझेदारी करके टीम को मजबूत स्कोर दिया. इस मैच के बाद पाकिस्तान ग्रुप ए में तीन अंक लेकर शीर्ष पर है और उसका सुपर फोर में पहुंचना भी तय हो गया. भारतीय टीम का यह पहला मैच था और उसके एक ही अंक है. उसे सोमवार को नेपाल से खेलना है जिसमें जीतने पर वह भी सुपर फोर में पहुंच जायेगा.

मैच रद्द होने से भले ही प्रशंसकों को निराशा हुई हो लेकिन दोनों टीमों के लिए इसमें कुछ बातें सकारात्मक भी रही. भारत के लिए ईशान और पंड्या की पारी और पाकिस्तान के लिए उसके तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और नसीम शाह का प्रदर्शन काबिले तारीफ था.

अफरीदी और हारिस रऊफ ने मिलकर भारत के शीर्षक्रम के चार विकेट 14.1 ओवर में 66 रन पर निकाल दिये थे. आम तौर पर बड़े शॉट खेलने वाले ईशान और पंड्या दोनों को पाकिस्तान के तूफानी तेज आक्रमण का सामना करने के लिए संयम के साथ खेलना पड़ा. उन्होंने शॉट्स के चयन में सावधानी बरतनी पड़ी ताकि विकेट सुरक्षित रहें.

अफरीदी ने 35 रन देकर चार विकेट लिए जबकि रऊफ ने 58 रन देकर तीन विकेट निकाले. नसीम शाह को भी तीन विकेट मिले. बड़े स्ट्रोक्स खेलना आसान नहीं था तो पंड्या और किशन ने इक्के दुक्के रन लेकर पारी को आगे बढ़ाया. भारत के 50 रन सिर्फ 52 गेंद में पूरे हुए.

साझेदारी की शुरुआत में ईशान आक्रामक थे तो पंड्या उनके सहयोगी की भूमिका निभा रहे थे. ईशान पहली बार चौथे नंबर से नीचे बल्लेबाजी के लिए आये लेकिन तनिक भी विचलित नहीं दिखे. पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने अपने स्पिनरों शादाब खान, मोहम्मद नवाज और सलमान आगा को भी लंबे स्पैल दिए जिससे ईशान को क्रीज पर जमने में सुविधा हुई.

उन्होंने अपना अर्धशतक सिर्फ 54 गेंद में पूरा किया और शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे. लेकिन रऊफ को ऊंचा पूल शॉट खेलने के प्रयास में सर्कल के भीतर बाबर को कैच दे बैठे. उनकी पारी से हालांकि मध्यक्रम में सही संयोजन तलाश रहे भारतीय टीम प्रबंधन ने राहत की सांस ली होगी.

ईशान के आउट होने के बाद पंड्या ने भारतीय पारी का दारोमदार संभाला. उन्होंने मिडविकेट पर नवाज को गगनभेदी छक्का जड़ा. अफरीदी ने हालांकि धीमी गेंद पर उन्हें एक्स्ट्रा कवर में सलमान के हाथों लपकवाया. इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने भारत को 250 के पार पहुंचाया. भारतीय पारी का अंत होते ही बारिश फिर शुरू हो गई.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




