अनुष्का शर्मा नहीं आईं देखने भारत का मैच, क्या इसी वजह से शतक से चूक गए विराट कोहली!

Dharamshala: India's Virat Kohli plays a shot during the ICC Men's World Cup ODI cricket match between India and New Zealand, at HPCA Stadium, in Dharamshala, Sunday, Oct. 22, 2023. (PTI Photo/Manvender Vashist Lav) (PTI10_22_2023_000499B)
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आज अपना शतक पूरा करने से महत 5 रन से चूक गए, लेकिन उन्होंने न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत में अहम योगदान दिया. कोहली ने 95 रनों की पारी खेली. कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा आज मैच देखने स्टेडियम नहीं आईं थी.

टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप 2023 के अपने पांचवें मुकाबले में भी शानदार जीत दर्ज की है. भारत ने 20 साल बाद वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को हराया है. भारत की शानदार जीत में मोहम्मद शमी के साथ साथ विराट कोहली का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा. शमी ने 5 विकेट चटकाए, जबकि विराट 95 रन बनाकर आउट हुए. विराट वनडे में अपना 49वां शतक बनाने से चूक गए.

विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा धर्मशाला में हुए इस मैच को देखने स्टेडियम में मौजूद नहीं थी. फैंस की मानें तो शायद विराट कोहली इसी वजह से अपना शतक पूरा नहीं कर पाए. एक बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में विराट 95 के निजी स्कोर पर आउट हो गए.

19 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में विराट कोहली ने आखिरी समय में अपना शतक पूरा किया. उस समय पुणे के स्टेडियम में अनुष्का शर्मा मौजूद थी. विराट, अनुष्का को अपने लिए लकी मानते हैं. कई मौकों पर वह अनुष्का की काफी तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने बताया था कि जब वह करियर से सबसे कठिन दौर से गुजर रहे थे तब अनुष्का ने उनका कितना साथ दिया था.

मैच की बात करें तो धर्मशाला में जीत से भारत ने पांच मैचों में पांच जीत से 10 अंक के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. न्यूजीलैंड पांच मैच में चार जीत से आठ अंक के साथ दूसरे स्थान पर है. न्यूजीलैंड के 274 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 48 ओवर में यह मुकाबला जीत लिया.

कोहली (104 गेंद में 95 रन, आठ चौके, दो छक्के) की श्रेयस अय्यर (33) के साथ तीसरे विकेट की 52, लोकेश राहुल (27) के साथ चौथे विकेट की 54 और रवींद्र जडेजा (44 गेंद में नाबाद 39) के साथ छठे विकेट की 78 रन की साझेदारी काफी कारगर साबित हुई.

न्यूजीलैंड की तरफ से लॉकी फर्ग्युसन ने 63 रन देकर दो विकेट चटकाए. मिशेल सेंटनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर एक विकेट हासिल किया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.

मिशेल ने इससे पहले 127 गेंद में पांच छक्कों और नौ चौकों की मदद से 130 रन की पारी खेलने के अलावा रचिन रविंद्र (75 रन, 87 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ तीसरे विकेट के लिए 159 रन जोड़े लेकिन इसके बावजूद टीम 50 ओवर में 273 रन पर आउट हो गई.

मिशेल और रविंद्र की साझेदारी इस मैदान पर किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है. इन दोनों ही बल्लेबाजों को भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने जीवनदान भी दिया. भारत के लिए शमी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर करियर में तीसरी बार पांच विकेट चटकाए.

बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव महंगे साबित हुए. उन्होंने 73 रन देकर दो विकेट हासिल किए. मोहम्मद सिराज (45 रन पर एक विकेट) और जसप्रीत बुमराह (45 रन पर एक विकेट) ने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट अपने नाम किया.

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज पूरे टूर्नामेंट के दौरान पहली बार दबाव में दिखे. टीम अंतिम 13 ओवर में भारत की सटीक गेंदबाजी के सामने 68 रन ही बना सकी. विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 मैच में यह भारत की चौथी जीत है जबकि पांच मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच बेनतीजा रहा. भारत ने न्यूजीलैंड को विश्व कप में पिछली बार 20 साल पहले 2003 में सेंचुरियन में हराया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




