Real Madrid ने नेपाल बाढ़ पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि, मैच से पहले खिलाड़ियों ने बांधी काली पट्टी

Updated:
विज्ञापन

दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक मिनट का मौन रखा (फोटो—एक्स)

रियल मैड्रिड ने नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी. सैंटियागो बर्नब्यू में मलागा के खिलाफ मैच से पहले खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांधकर एक मिनट का मौन रखा.

विज्ञापन

Real Madrid One Minute Silence: नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों को रियल मैड्रिड ने श्रद्धांजलि दी. सैंटियागो बर्नब्यू में मलागा के खिलाफ ला लीगा मुकाबला शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक मिनट का मौन रखा. इस दौरान खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांधकर आपदा के पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई. रियल मैड्रिड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इस श्रद्धांजलि की जानकारी साझा की. क्लब ने बताया कि बर्नब्यू में नेपाल और तिब्बत की सीमा पर आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया.

विज्ञापन

रियल मैड्रिड ने मलागा को 4-0 से हराया

सैंटियागो बर्नब्यू में रियल मैड्रिड ने मलागा को 4-0 से हराकर ला लीगा में लगातार तीसरी जीत दर्ज की. जूड बेलिंगहैम ने 19वें मिनट में शानदार व्यक्तिगत प्रयास से पहला गोल किया. सात मिनट बाद उनके हेडर से बने मौके पर मलागा के गोलकीपर ए. हेरेरो से दूसरा गोल हुआ. किलियन एमबाप्पे ने 30वें मिनट में ट्रेंट अलेक्जेंडर-आर्नोल्ड के सटीक क्रॉस पर शानदार वॉली से बढ़त 3-0 कर दी. दूसरे हाफ में भी रियल मैड्रिड का दबदबा जारी रहा. इंजरी टाइम में अरदा गुलर ने विनीसियस जूनियर के पास पर चौथा गोल दागकर टीम की बड़ी जीत पक्की कर दी.

नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही

नेपाल में भीषण फ्लैश फ्लड के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. नेपाल पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर 3 बजे तक आपदा में 788 शव बरामद किए जा चुके थे. इनमें सबसे ज्यादा मौतें चितवन में हुई हैं, जहां 264 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है. इसके अलावा नवलपरासी ईस्ट में 194, नवलपरासी वेस्ट में 120, गोरखा में 58, नुवाकोट में 52, धादिंग में 50, तनहूं में 37 और रसुवा में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के मुताबिक, रविवार दोपहर 1 बजे तक 2,502 लोग अब भी लापता थे. प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है.

21 अस्पतालों में रखे गए अज्ञात शव

अधिकारियों के अनुसार, पहचान की प्रक्रिया पूरी होने तक देशभर के 21 अस्पतालों में अज्ञात शव रखे गए हैं. लापता लोगों में हाइड्रोपावर परियोजनाओं में काम करने वाले कर्मचारी, विदेशी नागरिक और विदेशी समूहों के साथ यात्रा कर रहे नेपाली नागरिक भी शामिल हैं. इसके अलावा नेपाल पुलिस, नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, कस्टम कार्यालय और आव्रजन कार्यालय के कुछ कर्मचारी भी लापता लोगों की सूची में शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: हैदराबाद में बनेगा 1.32 लाख दर्शकों की क्षमता वाला क्रिकेट स्टेडियम, Future City में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की तैयारी

हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला गया

बाढ़ प्रभावित इलाकों में करीब 20 हजार सुरक्षाकर्मियों को राहत और बचाव अभियान में लगाया गया है. ग्राउंड फोर्स की मदद से अब तक 8,730 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है. हवाई बचाव अभियान के तहत हेलीकॉप्टरों ने 363 उड़ानें भरीं और 3,081 लोगों को सुरक्षित निकाला. इनमें 236 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. इसके अलावा बाढ़ में फंसी एक हाइड्रोपावर टनल से 279 लोगों को सीधे रेस्क्यू किया गया.

सरकार ने राहत के लिए जारी की आर्थिक मदद

नेपाल सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए आपातकालीन आर्थिक सहायता भी जारी की है. रसुवा और नुवाकोट को 1-1 करोड़ नेपाली रुपये, जबकि धादिंग को 50 लाख नेपाली रुपये की सहायता दी गई है. इसके अलावा 15 स्थानीय सरकारों को कुल 6.75 करोड़ नेपाली रुपये की आर्थिक मदद दी गई है. राहत सामग्री को प्रभावित इलाकों तक पहुंचाने के लिए 50 परिवहन वाहनों के साथ आठ हेलीकॉप्टर उड़ानें भी संचालित की गई हैं.

ये भी पढ़ें: Javagal Srinath Birthday: वनडे में 300 विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज का नाम कैसे पड़ा 'मैसूर एक्सप्रेस'

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola