ePaper

एकजुट होकर जीत दर्ज करने के सामूहिक लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है टीम इंडिया : राहुल

Updated at : 02 Feb 2020 9:57 PM (IST)
विज्ञापन
एकजुट होकर जीत दर्ज करने के सामूहिक लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है टीम इंडिया : राहुल

माउंट मोनगानुई : विदेशी सरजमीं पर 5-0 के वाइटवाश के साथ आत्मविश्वास से भरे लोकेश राहुल ने कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में सीनियर और जूनियर को लेकर कोई विभाजन नहीं है क्योंकि टीम का लक्ष्य एकजुट होकर जीत दर्ज करना है. भारत ने विदेशी सरजमीं पर सिर्फ तीसरी बार टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला में क्लीन […]

विज्ञापन

माउंट मोनगानुई : विदेशी सरजमीं पर 5-0 के वाइटवाश के साथ आत्मविश्वास से भरे लोकेश राहुल ने कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में सीनियर और जूनियर को लेकर कोई विभाजन नहीं है क्योंकि टीम का लक्ष्य एकजुट होकर जीत दर्ज करना है.

भारत ने विदेशी सरजमीं पर सिर्फ तीसरी बार टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला में क्लीन स्वीप किया है जबकि पांच मैचों की शृंखला में उसने पहली बार ऐसा किया है. भारत ने इससे पहले 2019 में वेस्टइंडीज और 2016 में ऑस्ट्रेलिया को उसकी सरजमीं पर 3-0 के समान अंतर से हराया था.

राहुल ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, पिछले दो-तीन साल से हम एक दूसरे के साथ खेलने का लुत्फ उठा रहे हैं और हम एक दूसरे की मदद करते हैं. ड्रेसिंग रूम में कोई सीनियर और जूनियर खिलाड़ी नहीं है, हमारा सामूहिक लक्ष्य है और यह देश और टीम के लिए एक साथ जीत दर्ज करना है.

उन्होंने कहा, विदेशी दौरे पर 5-0 से शृंखला जीतना अधिकतर नहीं होता. इसलिए अगले कुछ दिन हम इसका लुत्फ उठाएंगे. बेशक एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों से पहले हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है, पिछले कुछ वर्षों से इस प्रारूप में हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. हाल में तीन-चार महीनों में भी हमारी फार्म अच्छी रही है, निजी तौर पर भी और टीम के तौर पर भी हम अच्छा कर रहे हैं.

पांच मैचों की शृंखला में 224 रन बनाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले राहुल ने कहा कि उनकी नजरें अब ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप पर टिकी हैं. उन्होंने कहा, फिलहाल हमारे दिमाग में टी20 विश्व कप जीतना है और हम इसी के अनुसार योजना बना रहे हैं और खेल रहे हैं. देखते हैं कि हम इसके लिए कितनी अच्छी तैयार कर पाते हैं.

शृंखला आगे बढ़ने के साथ भारतीय गेंदबाज लगातार न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोकने में सफल रहे जिसका श्रेय राहुल ने गेंदबाजों को दिया. उन्होंने कहा, सभी ने एक इकाई के रूप में प्रदर्शन किया और हमें हमेश जवाब के साथ आगे आये.

रणनीति को अमीलीजामा पहनाने के स्तर में सुधार हो रहा है और हम धैर्य बरकरार रखते हैं. युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह सीनियर गेंदबाज हैं और उन्होंने पहले भी ऐसा किया है लेकिन शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी और वाशिंगटन सुंदर ने आज अच्छा प्रदर्शन किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola