Shardiya Navratri 2023 Live: शारदीय नवरात्र आज से शुरू, इस शुभ योग में करें घटस्थापना और यहां से पढ़ें आरती
Shardiya Navratri 2023 Live: मां दुर्गा की उपासना को लेकर भक्त काफी उत्साहित हैं. 15 अक्टूबर दिन रविवार आज से शारदीय नवरात्रि शुरू गई. शारदीय नवरात्र में ग्रह-नक्षत्रों की शुभ स्थिति में विद्यमान होने से हर दिन शुभ योग बन रहा है. इसलिए नवरात्र में खरीदारी, निवेश आदि के लिए प्रत्येक दिन शुभ मुहूर्त रहेगा. शारदीय नवरात्र में तिथि, वार और नक्षत्रों के संयोग से लगभग हर दिन शुभ योग रहेगा. आइए जानते है मां दुर्गा की पूजा विधि, कलश स्थापना के लिए शुभ समय और नवरात्र से जुड़ी पूरी जानकारी.
Maa Durga Aarti lyrics: मां दुर्गा की आरती
जय अम्बे गौरी, मैया जय श्यामा गौरी।
तुमको निशिदिन ध्यावत, हरि ब्रह्मा शिवरी॥
जय अम्बे गौरी
माँग सिन्दूर विराजत, टीको मृगमद को।
उज्जवल से दोउ नैना, चन्द्रवदन नीको॥
जय अम्बे गौरी
कनक समान कलेवर, रक्ताम्बर राजै।
रक्तपुष्प गल माला, कण्ठन पर साजै॥
जय अम्बे गौरी
केहरि वाहन राजत, खड्ग खप्परधारी।
सुर-नर-मुनि-जन सेवत, तिनके दुखहारी॥
जय अम्बे गौरी
कानन कुण्डल शोभित, नासाग्रे मोती।
कोटिक चन्द्र दिवाकर, सम राजत ज्योति॥
जय अम्बे गौरी
शुम्भ-निशुम्भ बिदारे, महिषासुर घाती।
धूम्र विलोचन नैना, निशिदिन मदमाती॥
जय अम्बे गौरी
चण्ड-मुण्ड संहारे, शोणित बीज हरे।
मधु-कैटभ दोउ मारे, सुर भयहीन करे॥
जय अम्बे गौरी
ब्रहमाणी रुद्राणी तुम कमला रानी।
आगम-निगम-बखानी, तुम शिव पटरानी॥
जय अम्बे गौरी
चौंसठ योगिनी मंगल गावत, नृत्य करत भैरूँ।
बाजत ताल मृदंगा, अरु बाजत डमरु॥
जय अम्बे गौरी
तुम ही जग की माता, तुम ही हो भरता।
भक्तन की दु:ख हरता, सुख सम्पत्ति करता॥
जय अम्बे गौरी
भुजा चार अति शोभित, वर-मुद्रा धारी।
मनवान्छित फल पावत, सेवत नर-नारी॥
जय अम्बे गौरी
कन्चन थाल विराजत, अगर कपूर बाती।
श्रीमालकेतु में राजत, कोटि रतन ज्योति॥
जय अम्बे गौरी
श्री अम्बेजी की आरती, जो कोई नर गावै।
कहत शिवानन्द स्वामी, सुख सम्पत्ति पावै॥
जय अम्बे गौरी
Shailputri ki Aarti Lyrics: माता शैलपुत्री की आरती
शैलपुत्री मां बैल पर सवार करें देवता जय जयकार ।
शिव शंकर की प्रिय भवानी। तेरी महिमा किसी ने ना जानी।
पार्वती तू उमा कहलावे। जो तुझे सिमरे सो सुख पावे।
ऋद्धि-सिद्धि परवान करे तू दया करे धनवान करे तू ।
सोमवार को शिव संग प्यारी। आरती तेरी जिसने उतारी।
उसकी सगरी आस पुजा दो । सगरे दुख तकलीफ मिला दो ।
घी का सुंदर दीप जला के गोला गरी का भोग लगा के |
श्रद्धा भाव से मंत्र गाएं। प्रेम सहित फिर शीश झुकाएं।
जय गिरिराज किशोरी अंबे। शिव मुख चंद्र चकोरी अंबे ।
मनोकामना पूर्ण कर दो। भक्त सदा सुख संपत्ति भर दो।
जय मां शैलपुत्री की, जय माता दी
Maa Shailputri Puja Vidhi: मां शैलपुत्री पूजन विधि
नवरात्रि के पहले दिन देवी दुर्गा के माता शैलपुत्री रूप की पूजा की जाती है. इस दिन स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें. इसके बाद मंदिर को अच्छे से साफ करें. पूजा के पहले अखंड ज्योति प्रज्वलित कर लें और शुभ मुहूर्त में घट स्थापना कर लें.
Shardiya Navratri 2023 Live: शैलपुत्री माता को क्या चढ़ाना चाहिए?
मां शैलपुत्री को सफेद बर्फी का भोग लगाना चाहिए. माता के सामने घी का दीपक जलाएं. एक लाल चुनरी में 5 प्रकार के सूखे मेवे चढ़ाएं और देवी को अर्पित करें. इसके साथ ही 5 सुपारी एक लाल कपड़े में बांधकर माता के चरणों में चढ़ाएं.

Shardiya Navratri 2023 Live : इस बार की नवरात्रि शुभ
इस बार की नवरात्रि को बेहद खास माना जा रहा है. इस बार मां दुर्गा का आगमन हाथी पर हुआ है. हाथी पर सवार होकर आ रही मां दुर्गा को बेहद ही शुभ माना जाता है. इसलिए खास है. मां का वाहन हाथी ज्ञान व समृद्धि का प्रतीक है. 15 अक्तूबर दिन रविवार को कलश स्थापना और 24 अक्तूबर मंगलवार को विजयादशमी पूजा होगी.

Shardiya Navratri 2023 Live : कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त
पंचाग के अनुसार अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 14 अक्तूबर शनिवार को रात्रि 11 बजकर 24 मिनट से शुरू हो गयी है. आज घट स्थापना के लिए 11 बजकर 44 से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक शुभ मुहूर्त है. भक्तों को कलश स्थापना के लिए 46 मिनट मिलेंगे. इस दिन चित्रा नक्षत्र का संयोग बन रहा है.

लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए